नमस्कार जोधपुर के पूर्व छात्र नेता प्रीतिभोज के साथ बड़े डोम में ‘बड़ी सभा’ की तैयारियां कर रहे हैं। पाली में विपक्षी दलों ने सड़क पर ‘सियासी रोटियां’ सेंक डाली। जयपुर में एक महिला ने पानी की टंकी पर चढ़कर ‘इंकलाब जिंदाबाद’ कर दिया और डीडवाना में एसपी साहिबा ने पुरुषों के लिए कह दी खास बात। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. नेताओं की शादी यानी ‘शक्ति प्रदर्शन’ शादी सिर्फ 7 जन्म का बंधन नहीं रही। यह अब शक्ति प्रदर्शन का सुगम साधन हो गई है। पिछले दिनों नेताओं की शादी भी हुई और नेता शादी समारोहों में नजर भी आए। अधिकतर में शादी के बहाने नेताजी छवि छमकाते, आपसी सियासी रिश्ते मजबूत बनाते और ताकत दिखाते नजर आए। जोधपुर में पूर्व छात्र नेता ने भी शक्ति दिखाने के लिए शादी का अवसर चुना। पहले भी लोकसभा के लिए टिकट मांग चुके हैं। शादी हो गई है। कल प्रीतिभोज दे रहे हैं। इसके लिए 1 लाख की क्षमता वाला डोम तैयार कराया है। कार्ड पर भी लिखा है- प्रीतिभोज और सभा- 15 मार्च। प्रीतिभोज में राहुल गांधीजी को भी आमंत्रित किया है। कहते हैं कि शादी के बाद कई लोगों के सितारे बुलंद हो जाते हैं। 2. सड़क पर ‘सियासी’ रोटियां आग लगी है तो धुआं उठेगा ही। मिडिल ईस्ट में युद्ध चल रहा है। LPG पर असर होना था। कई बेड़े रुक गए। अब सरकार कह रही है कि बेडे़ चल पड़े। दिक्कत नहीं होगी। हालात काबू में हैं। कुछ नहीं होगा। स्टॉक पर्याप्त है। लेकिन धुआं तो उठ ही रहा है। आपदा में अवसर खोजना भी सरकार ने ही सिखाया है। विपक्ष ने अवसर खोज लिया। पाली समेत कई जगह कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सड़क पर चूल्हा रखा। चूल्हे में लकड़ियां डालीं। चूल्हा सुलगा कर नारेबाजी की। सिद्धहस्त महिला नेताओं ने गोल-गोल रोटियां बेलीं-सेंकी। हालांकि हालात हाथ से निकले नहीं हैं। लेकिन लोगों ने प्लान बी, सी, डी, ई, एफ…पर काम करना शुरू कर दिया है। कोई इंडक्शन चूल्हा लेने भाग रहा है। कोई कोयलों का इंतजाम कर रहा है। कोई आरा-मिल जाकर लकड़ी का भाव पूछ रहा है। कोई राशनकार्ड लेकर राशन की दुकानों पर ‘केरोसिन कब से मिलेगा’ जैसे सवाल पूछ रहा है। कई जगह तवा ठंडा पड़ गया है तंदूर के भरोसे रोजगार चल रहा है। कमियों का स्वाद भी चखते रहना चाहिए। आदमी दिमाग के घोड़े दौड़ाता है और विकल्पों की खोज करता है। जैसलमेर में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने खूब कहा- हमने तो सुना है जैसे नेताओं की गाड़ी को एस्कॉट किया जाता है, उसी तरह गैस सिलेंडर की गाड़ियों को एस्कॉट किया जाएगा। ग्रीन कॉरिडोर ही न बनाना पड़े। 3. पानी की टंकी पर ‘इंकलाब जिंदाबाद’ हम सोच रहे थे कि अब गैस की टंकी यानी सिलेंडर पर इंकलाब जिंदाबाद होगा, लेकिन इंकलाब पानी की टंकी पर जिंदाबाद हुआ। पानी की टंकी पर चढ़ी महिला ने ऊपर से ही सोशल मीडिया पर लाइव किया और बोली- नगर निगम के दो अधिकारियों और पुलिस की दो महिला कॉन्स्टेबल को तुरंत सस्पेंड किया जाए। नहीं किया तो कूद जाऊंगी। मामला चाय की दुकान से जुड़ा है। नगर निगम ने आमेर में अतिक्रमण की कार्रवाई करते हुए चाय की दुकान हटा दी। कार्रवाई के दौरान महिला अमले से भिड़ गई। लाठी छीन ली। महिला कॉन्स्टेबलों ने उसे मुश्किल से काबू किया और सड़क पर चित कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर आया तो हड़कंप मच गया। समाज के एक बड़े नेताजी ने महिला की मुक्त कंठ से तारीफ करते हुए उसकी हिम्मत की दाद दी। सोशल मीडिया पर मैडम को ‘अवतार’ की तरह देखा जाने लगा। महिला ने टंकी पर चढ़कर कहा- न्याय के लिए मैं दर-दर भटकी। नगर निगम आयुक्त से मिली। धरना दिया। आश्वासन मिला लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। नगर निगम का अधिकारी भ्रष्टाचारी है। उसने आतंक मचा रखा है। दोनों महिला कॉन्स्टेबल समेत 4 लोगों को सस्पेंड किया जाए। सभी साथी ज्यादा से ज्यादा संख्या में लाइव जुड़ो। इंकलाब जिंदाबाद। आश्वासन मिलने पर 6 घंटे बाद वह टंकी से उतर आई। बाद में ऐलान किया गया- हम जीत गए। 4. चलते-चलते.. डीडवाना की एसपी मैडम का एक वीडियो सामने आया। वीडियो महिला दिवस का है। महिलाओं को संबोधित करते हुए मैडम ने ऐसी बात कह कि पुरुष फूले नहीं समाने लगे। एसपी साहिबा ने कहा- जो महिलाएं मजबूत कहलाती हैं। चाहे मैं हूं या फिर जिलाध्यक्ष मैडम हों। हर मजबूत महिला के पीछे किसी न किसी पुरुष का हाथ होता है। चाहे वो पिता हो, पति हो, भाई हो या कोई और। यह सुनकर सभागार में तालियां गूंज उठीं। एसपी मैडम ने आगे कहा- पहले कहते थे कि सफल पुरुष के पीछे महिला का हाथ होता है। लेकिन समाज की गाड़ी को तेजी से चलाने के लिए दोनों पहियों का मजबूत होना जरूरी है। महिलाएं मजबूत नहीं थीं, शिक्षित नहीं थीं तो पब्लिक सेक्टर में भागीदारी भी कम थी। इसीलिए यह कॉन्सेप्ट आया कि महिलाएं मजबूत हों ताकि समाज में प्रगति की रफ्तार बढ़े। इनपुट सहयोग- हनुमान तंवर (डीडवाना, नागौर), ओम टेलर (पाली), सिकंदर शेख (जैसलमेर), गौरव माथुर (भरतपुर), अरविंद सिंह (जोधपुर) वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..