चूरू में बुधवार को शीतला अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। तारानगर रोड स्थित शीतला माता मंदिर में सुबह से ही पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं और बच्चों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि व आरोग्य रहने की कामना की। सुबह करीब चार बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आना शुरू हो गया था, जो दिनभर जारी रहा। मंदिर परिसर में भोर से ही भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। महिलाओं ने स्वच्छता और आरोग्य की अधिष्ठात्री देवी शीतला माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने रात में बनाए गए ठंडे व्यंजनों का भोग माता को अर्पित किया। मंदिर में राबड़ी, बाजरे की रोटी, मीठा भात, गुलगुले, भीगा हुआ मोठ-बाजरा सहित विभिन्न प्रकार के पारंपरिक प्रसाद चढ़ाए गए। श्रद्धालुओं ने कलश में जल अर्पित कर परिवार के स्वास्थ्य, सुख-शांति और समृद्धि की कामना भी की। मेले में खासकर महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक रही। मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। कई परिवार बच्चों के साथ मेले में पहुंचे और पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर में महिला पुलिस टीम सहित पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। यातायात पुलिस ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभाली।

You missed