मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ का दौरा करेंगे। समारोह का आयोजन धान मंडी स्थित भूमि विकास बैंक के पास एक शेड के नीचे किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर मंच तैयार करने सहित पंडाल, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री जंक्शन धान मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय महिला दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम दोपहर करीब 12 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से हनुमानगढ़ पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, जिले के प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी शामिल होंगे। इनके अलावा, कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं भी समारोह में उपस्थित रहेंगी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, एडीएम उम्मेदीलाल मीणा, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई और कृषि उपज मंडी समिति सचिव विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने शुक्रवार शाम को धान मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को पेयजल, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए विशेष सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों की टीमें लगातार तैयारियों में जुटी हुई हैं।
