अमृतसर में आज राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन सरदार हरदीप सिंह गिल गोल्डन टेंपल में नतमस्तक होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मत्था टेककर देश की खुशहाली, पंजाब की तरक्की के लिए अरदास की। उनके साथ भाजपा नेता अमरपाल सिंह बोनी अजनाला समेत पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। गोल्डन टेंपल में मत्था टेकने के बाद हरदीप सिंह गिल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वे अकाल पुरख का धन्यवाद करने के लिए यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का वाइस चेयरमैन बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा प्राथमिकता हरदीप सिंह गिल ने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर नगर निगमों, लोकल बॉडी और पंचायतों में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को अभी भी पूरी न्यूनतम मजदूरी नहीं मिल रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों और केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार सफाई कर्मचारियों को उनके अधिकार दिलाने के लिए आयोग पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। देरी पर जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा हरदीप सिंह ने यह भी बताया कि यदि किसी सफाई कर्मचारी के साथ काम के दौरान कोई हादसा होता है, तो उसके परिवार को मिलने वाली मुआवजा राशि पहले 10 लाख रुपय थी, जिसे बढ़ाकर अब 30 लाख रुपय कर दिया गया है। अगर कहीं मुआवजे में देरी होती है तो आयोग की ओर से तुरंत कार्रवाई की जाती है और जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाता है।
