जोधपुर के शास्त्री सर्किल के निकट स्थित राजस्थान स्टील रि-रोलर एसोसिएशन हॉल में गुरुवार को राजस्थान स्टैनलेस स्टील यूटेन्सिल मेन्यूफेक्चरर एसोसिएशन की ओर से जीएसटी रिफॉर्म 2.0 पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। 22 सितंबर से लागू नई जीएसटी दरों की जानकारी देने के लिए राज्य कर विभाग और स्टील व्यवसायियों ने मिलकर यह कार्यक्रम किया। सेमिनार में सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, उपमहापौर किशनलाल लड्ढा और अनेक उद्यमी शामिल हुए। सेमिनार में उद्यमियों ने स्पष्ट किया की जीएसटी दर में आई कमी का सीधा फायदा सिर्फ उपभोक्ताओं है। जीएसटी रिफॉर्म 2.0 से बड़ी राहत स्टेट जीएसटी के स्पेशल कमिश्नर विनोद मेहता ने बताया कि जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक के निर्णयों से स्टील बर्तनों पर टैक्स रेट 12% से घटकर 5% हो गई है। इससे आम उपभोक्ताओं को बर्तन सस्ते मिलेंगे और व्यवसायियों को अधिक रिफंड प्राप्त होगा। मेहता ने स्पष्ट किया कि जीएसटी में अब मुख्यतः दो दरें 5% और 18% रह गई हैं। रोटी, कपड़ा और मकान से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं पर कर दरों में राहत मिली है। वर्गीकरण के विवाद कम होंगे और सरलीकरण से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में योगदान होगा। रिफॉर्म से उद्यमियों-व्यापारियों को भी राहत सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीएसटी रिफॉर्म 2.0 के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे उद्यमियों और व्यवसायियों को बड़ी राहत मिली है। उद्यमी प्रकाश जीरावाला ने कहा कि आजादी के बाद बर्तन उद्यमियों को टैक्स रेट में कमी से सबसे बड़ी राहत मिली है। उपभोक्ताओं को एक लाख तक की बचत सीए डॉ. अर्पित हल्दिया ने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ की सार्थकता बताते हुए कहा कि एक उपभोक्ता को वर्ष में तकरीबन 1 लाख की छूट का लाभ मिलेगा। इस बचत से सभी वर्गों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव होगा। राज्य कर विभाग की जानकारी के अनुसार स्टील बर्तन मुख्यतः राजस्थान से बाहर सप्लाई किए जाते हैं। टैक्स रेट में कमी से राज्य की IGST सेटलमेंट से होने वाली आय में भी वृद्धि होगी। रिफंड और पंजीकरण में सुधार व्यापारियों की सुविधा के लिए रिफंड और पंजीकरण प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है। स्टेट जीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त विशाल दवे ने व्यापारियों से आग्रह किया कि इस लाभ को आम जनता तक पहुंचाएं। कार्यक्रम का संचालन राजस्थान स्टैनलेस स्टील एसोसिएशन के अध्यक्ष सांवरमल अग्रवाल ने किया। राजस्थान स्टैनलेस स्टील यूटेन्सिल मेन्यूफेक्चरिंग एसोसिएशन के सचिव राजेश जीरावाला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।