बारां में नगर परिषद शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठा रही है। परिषद ने शहर के सभी 60 वार्डों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों से कचरा संग्रहण और निस्तारण की जिम्मेदारी एक निजी फर्म को सौंपने का निर्णय लिया है। इसके लिए लगभग 7.66 करोड़ रुपए का 2 साल का टेंडर जारी किया गया है। नई व्यवस्था के तहत, हर घर पर आरएफआईडी (RFID) कार्ड लगाए जाएंगे और प्रत्येक मकान को एक विशिष्ट नंबर दिया जाएगा। मोबाइल ऐप के माध्यम से कचरा वाहन की लोकेशन ट्रैक की जा सकेगी। वाहन पहुंचने से लगभग 20 मिनट पहले संबंधित मकान मालिक को इसकी सूचना मिल जाएगी। इससे सफाई कार्य में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी वार्ड की अनदेखी नहीं हो पाएगी। अलग-अलग यूजर चार्ज तय होंगे
इस प्रणाली में घरों, दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन के लिए अलग-अलग यूजर चार्ज निर्धारित किए जाएंगे। साथ ही, ‘व्हीकल ऑन डिमांड’ सुविधा भी शुरू की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत, कर्मचारियों, वाहनों और उनके रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार फर्म की होगी। हालांकि, परिषद आवश्यकतानुसार अपने संसाधन भी उपलब्ध कराएगी। वर्तमान में, परिषद के पास पर्याप्त वाहन होने के बावजूद समय पर कचरा उठाव और ईंधन में गड़बड़ी की शिकायतें मिलती रही हैं। नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीणा ने बताया कि आरएफआईडी आधारित यह प्रणाली शहर की सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार लाएगी।