कोटा शहर में बोरखेड़ा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर नया नोहरा रोड क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को दबोचा। युवक कांग्रेसी कार्यकर्ता है और पूर्व में यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रह चुका हैं। बोरखेड़ा थाना अधिकारी अनिल टेलर ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान देशराज चौधरी के रूप में हुई है, जो कैथुन थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पिस्टल शौक के तौर पर रखी थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह प्रॉपर्टी का व्यवसाय करता है और करीब डेढ़ महीने पहले यह पिस्टल खरीदी थी। आरोपी के अनुसार, पिस्टल उसने शरणजीत सरदार, कालू भोरा और लोकेश नामक व्यक्तियों से खरीदी थी। पुलिस अब हथियार सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी हथियार को बेचने की फिराक में भी था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने संबंधित संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हथियार कोहिनूर गैंग से जुड़े व्यक्तियों के माध्यम से ख़रीदा गया था। फिलहाल कालू, शरणजीत और लोकेश फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आरोपी देशराज चौधरी को न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी और सप्लाई चेन पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे।
