कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में बनाए विशेष ट्रैफिक जागरूकता पार्क, ट्रैफिक गार्डन का उद्घाटन किया। इस पहल के तहत अब ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को चालान भरने से पहले ट्रैफिक नियमों की पाठशाला में जाना होगा और नियमों के पालना करने की शपथ भी लेनी होगी। वहीं आमजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कोटा में बुधवार को दौरे के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस विशेष यातायात जागरूकता पार्क, ट्रैफिक गार्डन का उद्घाटन किया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- संवाद से विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। बिरला ने समाज से नशा, सट्टा और अपराध के खिलाफ सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए सामुदायिक भागीदारी को सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने आधुनिक संसाधनों से लैस इस यूनिट को कानून व्यवस्था और जल्द प्रतिक्रिया के लिए महत्वपूर्ण बताया। उद्घाटन कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त, कोटा रेंज आईजी, जिला कलेक्टर सहित शहर और ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर ओम बिरला ने पुलिस कंट्रोल रूम में सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों से संवाद किया। युवाओं और विद्यार्थियों को करेंगे सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक
यातायात जागरूकता पार्क के बारे में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया- यहां आमजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बिरला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित पुलिस प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक को भी संबोधित किया गया। इसमें यातायात प्रबंधन और दुर्घटना नियंत्रण पर चर्चा भी की गई।
