सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल (22) पुत्र प्रहलाद मीणा निवासी मीणा की ढाणी, अभयपुरा के कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। एसपी अनिल कुमार बेनीवाल के निर्देश पर जिले में अपराध रोकथाम के लिए चल रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवाड़ कस्बे में एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम सरकारी हॉस्पिटल के पास पहुंची, जहां एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध देशी पिस्टल मिली, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।