अलवर के रेनबो फार्म हाउस में असिस्टेंट मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह फार्महाउस में 40 बीघा के प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। परिजनों ने चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, चारों अपने काम में अनियमितताएं कर रहे थे और गड़बड़ियों का विरोध करने पर चारों लोगों ने उन्हें मार डाला। यह घटना मंगलवार शाम को धनेटा गांव में हुई। नौगांवा थाने के ASI सतीश कुमार ने बताया- असिस्टेंट मैनेजर सचिन कुमार (35) उत्तर प्रदेश के ऊन कस्बा, जिला शामली का निवासी था। पिछले 6 माह से धनेटा गांव स्थित रेनबो कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। असिस्टेंट मैनेजर की मौत: हत्या या हादसा? 2 अलग-अलग कहानियां 1. करंट लगने से असिस्टेंट मैनेजर की मौत, एक घायल असिस्टेंट मैनेजर को अस्पताल पहुंचाने वाले फारूक ने बताया कि जहां कंपनी का प्रोजेक्ट चल रहा है, वहां से 11 हजार केवी की विद्युत लाइन गुजर रही है। सचिन और यूसुफ फ्लैग पाइप निकाल रहे थे, तभी लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की तार से छू गया, जिससे दोनों को करंट लगा। हादसे में असिस्टेंट मैनेजर सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गया। 2. परिजनों ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा असिस्टेंट मैनेजर के भाई सुरेंद्र ने थाने में फारूक, हक्का, लखेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों द्वारा पहले से जान-माल की धमकी दी जा रही थी, जिसकी सूचना 5 फरवरी को नौगांवा थाने में दी गई थी। प्रोजेक्ट स्थल के पास आरोपियों द्वारा बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा था, जिसमें गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितताओं का सचिन ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर पिछले एक सप्ताह से उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे आरोपियों ने मिलकर कार्यस्थल पर सचिन की हत्या कर दी। सचिन अपने पीछे पत्नी और 2 छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
