चंडीगढ़ निगम की पेड पार्किंग साइट्स पर वाहन पार्क करने के लिए किसी भी वाहन को छूट नहीं मिलेगी। इसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) भी शामिल हैं। यह फैसला निगम कमिश्नर अमित कुमार की तरफ से लिया गया है। उन्होंने खुद एक पार्किंग साइट का दौरा किया था। इसके बाद इस संबंधी आदेश जारी किए हैं। यह आदेश उस समय आया है, जब नगर निगम की तरफ से कुछ दिन पहले ही वन पास स्कीम लॉन्च की गई, जिसके तहत मंथली पास बनवाकर पार्किंग फीस के रोजाना के झंझट से बचा जा सकता है। चंडीगढ़ प्रशासन ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 18 दिसंबर 2023 में एक नोटिफिकेशन जारी किया था। उसमें बाकायदा यह शर्त रखी गई थी कि EV के लिए यूटी चंडीगढ़ में सभी पार्किंग (पब्लिक पार्किंग एरिया) फ्री होंगी, लेकिन अब यह फैसला लागू नहीं होगा। कुछ लोग इस चीज को लेकर भी पार्किंग वालों से उलझते हैं कि पहले 15 मिनट पार्किंग फ्री होगी। अब कमिश्नर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि 15 मिनट की अवधि सहित किसी भी प्रकार की मुफ्त पार्किंग का कोई प्रावधान नहीं है। पेड पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना ही होगा। चेकिंग में मिली थी खामियां 14 फरवरी 2026 को सेक्टर-7 की पेड पार्किंग साइट पर औचक निरीक्षण किया गया। निगम कमिश्नर ने खुद ऑपरेशंस चेक किए और पाया कि 2 वाहनों को बिना कोई पार्किंग स्लिप जारी किए या वैध पास के बाहर जाने दिया गया। इस लापरवाही पर उन्होंने तुरंत संबंधित एक्जीक्यूटिव इंजीनियर को निर्देश दिए कि दोषी कर्मचारियों की ड्यूटी तुरंत बदल दी जाए। रोड डिवीजन नंबर 1, 2 और 3 के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर्स को आदेश दिए गए कि उनके क्षेत्र में सभी पार्किंग अटेंडेंट्स इन नियमों का सख्ती से पालन करें। किसी भी उल्लंघन पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई होगी। वन पास स्कीम लॉन्च की चंडीगढ़ में 27 जनवरी 2026 से शुरू की गई MC वन पास (One Pass) पार्किंग स्कीम एक डिजिटल मासिक पास सुविधा है, जो शहर भर में नगर निगम की ओर से प्रबंधित सभी 73 पार्किंग स्थलों में एक समान दर पर असीमित पार्किंग की अनुमति देती है। यह योजना पूरी तरह से कैशलेस है, जिसमें दोपहिया वाहनों के लिए 250 रुपए और चार पहिया वाहनों के लिए 500 रुपए प्रति माह (प्लस GST) का शुल्क है। यह एक ही पास शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों (सेक्टर 17, 22, 35, सुखना लेक, एलांते मॉल, आदि) में मान्य है। इसे चंडीगढ़ नगर निगम की वेबसाइट, बैंक ऑफ बड़ौदा के पोर्टल या पार्किंग स्थलों पर लगे QR कोड को स्कैन कर सीधे फोन से घर बैठे प्राप्त किया जा सकता है। 3 हजार से अधिक लोगों ने यह पास बनाया है। ॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… चंडीगढ़ में हर पार्किंग की पर्ची लेने का झंझट खत्म:घर बैठे बनाएं मंथली पास; 73 स्पॉट पर कार-बाइक खड़ी कर सकेंगे, कोई टाइम लिमिट नहीं चंडीगढ़ शहर में नगर निगम ने आज (27 जनवरी) से पार्किंग के लिए मासिक वन पास स्कीम शुरू कर दी। जिसके चलते अब बिना पर्ची के लोग अपनी गाड़ी पार्क कर सकेंगे। इसका शुभारंभ मेयर हरप्रीत कौर बबला और निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सेक्टर-22 डी की मार्केट से किया है। पूरी खबर पढे़ं…