राजस्थान के कुछ इलाकों में सर्दी अब भी कम नहीं हो रही। सोमवार की सुबह अलवर में फसलों पर ओस की बूंदे जम गईं। सुबह-सुबह हल्का कोहरा रहा और बादल छाए। यहां का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में बादल छाए हैं। आज पारे में 3 डिग्री का उछाल देखने को मिला है। सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले यहां पर रविवार को न्यूनतम 4.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया था। मामूली उतार-चढ़ाव
उधर, प्रदेश के मौसम में रविवार को मामूली उतार-चढ़ाव रहा। उत्तरी हवा के असर से शेखावाटी समेत कई शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर के एरिया में हल्के बादल छाने से धूप कमजोर रही। यहां भी अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक गिरावट हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राय रहने और तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव होने की संभावना जताई है। सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर और पाली रहा
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो रविवार को सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर (सीकर) और पाली का रहा। इन शहरों का न्यूनतम तापमान 4.9 और 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जालोर में रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, दौसा में 29.5, डूंगरपुर में 29.3, जैसलमेर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़ में 29.8-29.8, अजमेर, भीलवाड़ा में 28.2, टोंक में 28.6, उदयपुर में 28.4, पिलानी (झुंझुनूं), बीकानेर में 28, फलोदी में 28.6 और जयपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर तेज धूप से गर्मी, सुबह-शाम सर्दी
प्रदेश में इन दिनों तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव हो रहा है। दिन में शहरों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है। तेज धूप के कारण दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है। सुबह-शाम सर्दी तेज है। शेखावाटी एरिया के सीकर, पिलानी (झुंझुनूं), फतेहपुर (सीकर), झुंझुनूं, दौसा, करौली, सिरोही, बारां, श्रीगंगानगर, माउंट आबू (सिरोही), अलवर, टोंक में न्यूनतम तापमान रात में गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा रहा है। एक सप्ताह इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- प्रदेश में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राय रहेगा और तापमान में कोई खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। सुबह-शाम उत्तर-पूर्वी राजस्थान के शहरों में सर्दी तेज रहेगी, जबकि दिन में यहां तेज धूप से अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज होगा।
