राजस्थान के कोटा में शनिवार रात करीब 9 बजे एक 3 मंजिला बिल्डिंग ढह गई। मलबे में स्टूडेंट्स समेत कई लोग दब गए। हादसे में एक कोचिंग स्टूडेंट की मौत हो गई, जबकि 10 घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इमारत गिरने की सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालात यह थे कि मलबे में दबे लोग चीख रहे थे, हमें बचा लो। किसी का हाथ बाहर दिख रहा था तो किसी का पैर। SDRF की टीम और स्थानीय लोग मलबे में दबे लोगों को निकाल में जुटे हैं। रेस्क्यू के दौरान एक बचाव दल का एक कर्मचारी भी घायल हो गया। मृतक कोचिंग स्टूडेंट की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी आर्यन (20) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तलवंडी इलाके में इस बिल्डिंग के अंदर एक रेस्टोरेंट चल रहा था। घटना के समय कुछ ग्राहक और रेस्टोरेंट में काम करने वाले 12 से 15 कर्मचारी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- हमें आवाज आई जैसे पटाखे छूट रहे हों। हम तुरंत मौके पर पहुंचे। रात करीब 9 बजे के ब्लास्ट की आवाज आई और बिल्डिंग नीचे गिर गई। अंदर से बचाओ-बचाओ की आवाजें आ रही थी। इस बिल्डिंग के पीछे की बिल्डिंग में कई दिनों से काम चल रहा है। डेली ड्रिल मशीन, हैमर चलते हैं, जिसके कारण पूरी बिल्डिंग में वाइब्रेशन हो रहा था। देखिए घटनास्थल की तस्वीरें… खबर से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए