नमस्कार खेजड़ी को लेकर रेगिस्तान में भावनाओं का ज्वार आया हुआ है। मंत्रीजी तक को बोलने नहीं दिया गया। नागौर में सुनार की दुकान में घुसा कबूतर चर्चा का विषय बन गया। जयपुर में चोरी की घटनाओं से पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं और श्रीगंगानगर में पुलिस अधिकारी की बात देवर-भाभी को समझ आ गई। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. संत बोले- मंत्रीजी सीधी बात करो खेजड़ी राजवृक्ष है। खेजड़ी के लिए 363 लोगों ने बलिदान दे दिया था। विश्नोई समाज खेजड़ी की पूजा करता है। कुदरत को मां का दर्जा देता है। आरोप है कि सोलर प्लांट के लिए खेजड़ी के लाखों पेड़ काट दिए गए। खेजड़ी की कटाई रोकने के लिए बीकानेर में धरना चला। बच्चे-बूढ़े, जवान और महिलाएं अपने-अपने ढंग से योगदान दे रहे हैं। मंत्रीजी भी इसी समाज से आते हैं, इसलिए वे भी मंच पर पहुंच गए और अपनी बात रखने लगे। संतों ने टोक दिया, बोले- घुमा-फिरा कर बात मत करो, सीधा कहो, खेजड़ी नहीं कटनी चाहिए। लोग खेजड़ी पर राजनीति नहीं चाहते। पूरे प्रदेश में खेजड़ी की कटाई पर पूरी तरह रोक चाहते हैं। जज्बा ऐसा है कि एक ही बात दोहराते हैं- सिर साठै रूख रहै तो भी सस्तो जाण। यही सिर कटाकर भी अगर एक पेड़ बचता है तो सौदा सस्ता है। बात विधानसभा और संसद तक पहुंच चुकी है और आंदोलन का असर आसपास के जिलों पर भी पड़ रहा है। 2. सोने की चेन लेकर उड़ने वाला कबूतर सोने के रेट आसमान पर हैं। लोगों में एक ही चर्चा है- नागौर वाला कबूतर पाल लेते हैं। कोई कहता है- मैं तो पूरा झुंड पालने की सोच रहा हूं। अचानक लोग कबूतर पालने की बात क्यों कर रहे हैं? सोने का और कबूतर का क्या संबंध है? नागौरी कबूतर की क्या खासियत है? बात नागौर के डेगाना कस्बे की है। सुनार की दुकान में कारीगर काम कर रहा था। सोने का एक तार काउंटर पर रखा था। एक कबूतर आकर काउंटर पर बैठा। सोने के छल्लेनुमा तार अपनी चोंच में दबाया और हवा में फुर्र हो गया। कारीगर का ध्यान गया तो पैरों तले जमीन खिसक गई। तार एक लाख रुपए का था। उसने इधर-उधर देखा। दुकान के बाहर निकलकर छत की ओर देखा तो रेलिंग पर कबूतर। गले में सोने के तार को हार बनाकर पहना था। देखते ही देखते भीड़ जुट गई। कबूतर रेलिंग पर था और कारीगर की जान गले में। दबे पांव वह छत पर जा पहुंचा। कबूतर उड़ा तो सोने का तार वहीं गिर गया। सभी ने राहत की सांस ली। 3. राजधानी में चोरी की वारदातें जयपुर में विधानसभा चल रही है। सदन में मुद्दे उठाए जा रहे हैं। इधर राजधानी में चोरों की मौज। चोरों का काम बदस्तूर जारी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया। मामला ब्रह्मपुरी का बताया। दुपहिया पर दो युवक आए। एक दुकान के पास गाड़ी रोकी। शॉल ओढ़े पीछे बैठा युवक उतरा और दुकान पर रखा दूध का कैरेट लेकर भागा। दोनों युवक दुपहिया से चंपत हो गए। रोकने वाला कोई नहीं। वहीं एक भैंस बैठी थी और एक सीसीटीवी भी लगा था। भैंस वारदात की चश्मदीद और सीसीटीवी गवाह। वारदात कैद हो गई। दूसरा वीडियो महेशनगर थाना इलाके का बताया जा रहा है। दो चोर जंजीर से बंधे पड़े हैं। वीडियो बना रहा शख्स दावा करता है- लोगों ने चोर को पकड़ा। पुलिस के हवाले किया। उसी रात चोर रात 11 बजे फिर चोरी करने आ गए। पब्लिक ने फिर पकड़ लिया। हालांकि महेशनगर थाना पुलिस का कहना है कि वीडियो बनाने वाला खुद ‘ठीक आदमी’ नहीं है। 4. चलते-चलते… विनय न मानत जलधि जड़, गए तीनि दिन बीत..बोले राम सकोप तब, भय बिनु होय न प्रीत। रामायण का प्रसंग है। तुलसीदासजी ने लिखा कि समुद्र से भगवान राम 3 दिन तक आग्रह करते रहे, वह मदद को तैयार नहीं। तब रामजी को क्रोध आया। धनुष पर बाण चढ़ाया और धमकी भरे लहजे में बोले कि डर के बिना प्रीत नहीं होती। इसमें बड़ी बात यह नहीं कि भगवान को क्रोध आया। बड़ी बात यह है कि रामजी ने तीन दिन तक आग्रह किया। मामला धार्मिक नहीं, पुलिस की कार्यशैली से संबंधित है। श्रीगंगानगर के सादुलशहर में एक महिला और अपने देवर के साथ पानी की टंकी पर जाकर बैठ गई। उसके पति की मौत हो चुकी थी। प्लाॅट पर किसी ने कब्जा कर लिया था। थाने के चक्कर लगा रही थी। जब सुनवाई नहीं हुई तो देवर के साथ टंकी पर जा बैठी। मौके पर डीएसपी भूपेंद्र सोनी पहुंचे। उन्होंने मोर्चा संभाला। हालात संवेदनशील थे। भावावेश में टंकी से छलांग लगा दे तो लेने के देने पड़ जाएं। डीएसपी साहब ने नीचे से ही ऊंची आवाज में बात करनी शुरू कर दी। महिला से बोले- सुन लड़की मैं डीएसपी हूं। बात करने से ही बात बनेगी। थाने में अगर तेरी सुनवाई नहीं हुई तो तू मेरे पास आती। बड़े अधिकारियों के पास जाती। अब जिद मत कर। जीवन में एक ही रास्ता नहीं होता। मैं वादा करता हूं सुनवाई होगी। बात का असर हुआ और देवर-भाभी नीचे उतर आए।
इनपुट सहयोग- विजय कुमार (बाड़मेर), हनुमान तंवर (नागौर), काका सिंह (श्रीगंगानगर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..
