भाई के जन्मदिन को मौत के दिन में बदलने की पुरानी रंजिश के चलते तीन-चार युवकों ने चंडीगढ़ हल्लोमाजरा से एक युवक का किडनैप कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पहले युवक को जीरकपुर ले गए, जहां रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे डेराबस्सी ले जाकर लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की पहचान सेक्टर-20 निवासी सुशील उर्फ साहिल के रूप में हुई है। शुक्रवार दोपहर डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में उसका शव लावारिस हालत में मिला। इसके बाद शव को सेक्टर-32 जीएमसीएच की मोर्चरी में शिफ्ट किया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस मामले में पहले थाना सेक्टर-31 पुलिस ने पीड़ित के रिश्तेदार दीप कॉम्प्लेक्स, हल्लोमाजरा निवासी विजय कुमार के बयान पर जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी निवासी अनिल और उसके तीन साथियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी हैं। जबरन बाइक पर बैठाया विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह रैपिडो बाइक कैब चलाता है। 5 फरवरी को वह अपने रिश्तेदार सुशील के साथ टैक्सी में निजी काम से अंबाला और पेहोवा गया था। शाम को दोनों हल्लोमाजरा लौटे। करीब 4:30 बजे सुशील ने विजय को रविदास मंदिर के पास छोड़ दिया और आगे निकल गया। इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और सुशील के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब विजय मदद के लिए आगे बढ़ा तो आरोपियों ने सुशील को जबरन बाइक पर बैठाया और अपहरण कर फरार हो गए। पुरानी रंजिश में लिया बदला परिजनों के अनुसार नवंबर 2025 में जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी में अनिल के भाई का जन्मदिन था। पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद कुछ युवकों ने सुशील से उसकी नई गाड़ी चलाने की जिद की। विवाद बढ़ने पर सुशील वहां से जाने लगा, तभी जन्मदिन मना रहा युवक अचानक गाड़ी के आगे आ गया और हादसे में उसकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर अनिल और उसके साथियों ने सुशील से बदला लेने की ठान ली थी। इस मामले में सुशील के खिलाफ जीरकपुर थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज था, लेकिन पुलिस कार्रवाई से पहले ही आरोपितों ने उसे ढूंढकर अपहरण कर हत्या कर दी। दो महीने बाद थी शादी परिजनों ने बताया कि सुशील की सगाई हो चुकी थी और करीब दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। हत्या की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया। सुशील के माता-पिता और बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। वह सेक्टर-20 स्थित सरकारी मकान में अपने भाई और भाभी के साथ रहता था और टैक्सी चलाकर परिवार का गुजारा करता था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जीरकपुर और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है।
