श्रीगंगानगर में प्रेमी से पति की हत्या करने वाली युवती करीब 7 साल से बॉयफ्रेंड के साथ रिलेशनशिप में थी। उसके अफेयर की जानकारी परिजनों को भी थी। तीन महीने पहले अर्जु उर्फ अंजली (23) की शादी आशीष कुमार (27) से हुई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शादी के बाद अंजली ने बॉयफ्रेंड संजय उर्फ संजू (25) से मिलने के लिए श्रीगंगानगर में आगे की पढ़ाई का बहाना बनाकर आशीष को झांसे में लेने की कोशिश की थी। लेकिन, आशीष ने साफ मना कर दिया था। इस बात से अंजली नाराज थी। उसने यह बात संजय को भी बताई थी। आशीष की हत्या से 16 दिन पहले अंजली मायके गई थी। वहां उसने बॉयफ्रेंड संजय के साथ मिलकर आशीष की हत्या का प्लान बनाया। मायके से ससुराल लौटने के बाद 30 जनवरी को अंजली घूमने के बहाने आशीष को बाहर लेकर गई थी। वहां सड़क पर सुनसान जगह पहले से मौजूद संजय और उसके दो साथियों ने आशीष के सिर पर डंडों से वार किए। इसके बाद भी आशीष नहीं मरा तो मफलर से उसका गला घोंट दिया गया। पत्नी 2 दिन की रिमांड पर एसपी अमृता दुहन ने बताया- 30 जनवरी की रात को श्रीगंगानगर के रावला थाना क्षेत्र के गांव 01 केएलएम से गुजरने वाली सड़क पर आशीष पुत्र रामरत्न की हत्या हुई थी। पुलिस ने मंगलवार को पत्नी अंजली, उसके प्रेमी संजय निवासी जगदंबा कॉलोनी (श्रीगंगानगर), रोहित उर्फ रॉकी (20) निवासी सादुलशहर और बादल उर्फ सिद्धार्थ (20) निवासी जगदंबा कॉलोनी को गिरफ्तार किया। मामले में जांच जारी है। अनूपगढ़ सीओ प्रशांत कौशिक ने बताया- आरोपी युवकों को 5 दिन की रिमांड पर लिया गया है। युवती को 2 दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ में जो भी सामने आएगा, उसका खुलासा जल्द करेंगे। परिजनों को अफेयर का मालूम था पूछताछ में सामने आया- सादुलशहर की रहने वाली अंजली पिछले 6-7 साल से बॉयफ्रेंड संजय के साथ रिलेशनशिप में थी। संजय, अंजली की रिश्तेदारी में ही है। अंजली बीए पास थी। संजय ने भी बीए किया है। शादी से पहले अंजली और संजय श्रीगंगानगर में एक ही कॉलेज में पढ़ाई करते थे। इस दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ गई और रिलेशनशिप में आ गए। दोनों मिलते-जुलते रहते थे। इस बात का पता अंजली के परिजनों को भी था। 30 अक्टूबर 2025 को अंजली के परिजनों ने उसकी शादी रावला के रहने वाले आशीष से कर दी। आशीष ने बीएससी कर रखी थी। सादुलशहर से रावला की दूरी 225 किलोमीटर है। इस शादी से अंजली भी नाखुश थी और संजय भी परेशान रहता था। क्योंकि शादी के बाद दोनों का मिलना-जुलना नहीं होता था। पढ़ाई के बहाने श्रीगंगानगर जाना चाहती थी इस बीच अंजली ने श्रीगंगानगर में एमए की पढ़ाई करने का बहाना बनाया। इस बारे में पति आशीष से बात की। अंजली ने श्रीगंगानगर जाकर पढ़ाई करने के बारे में कई बार आशीष से मिन्नतें की। लेकिन आशीष ने अंजली की एक नहीं सुनी और श्रीगंगानगर में रहने के लिए स्पष्ट मना कर दिया। इससे अंजली नाराज हो गई। अंजली संजय से फोन पर बात करती रहती थी। इसी दौरान अंजली ने आशीष के श्रीगंगानगर में पढ़ाई के लिए मना करने की बात संजय को बताई थी। अंजली मायके जाने के बहाने संजय से मिलती थी। आशीष की हत्या से करीब 16 दिन पहले वह मायके गई हुई थी। इस दौरान अंजली ने संजय के साथ मिलकर आशीष को जान से मारने की प्लानिंग बनाई। आशीष ने हत्या से तीन दिन पहले ही एक प्राइवेट स्कूल में टीचर के पद पर नौकरी जॉइन की थी। नहीं मरा तो गला घोंटा आशीष कुमार के शव का पोस्टमॉर्टम करने वाले मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश गहन ने रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। डॉ. राकेश ने बताया कि आशीष के सिर पर पीछे गंभीर चोट के निशान हैं। ताबड़तोड़ वार करने के बाद भी आशीष की सांसें चल रही थीं, तब उसका गला दबाया गया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई। गले पर मिले निशान इसकी पुष्टि करते हैं। पीहर से लौटी और घूमने के बहाने ले गई अंजली मायके से ससुराल लौटी। 30 जनवरी की रात को रोजाना की तरह रात में खाना खाने के बाद घूमने का बहाना बनाकर आशीष को सड़क पर सुनसान जगह पर ले गई। उसने प्रेमी संजय को फोन कर बुलाया लिया था। संजय अपने साथियों रोहित और सिद्धार्थ को साथ लेकर आशीष के घर से 200 मीटर दूर गांव को जाने वाली सड़क पर पहुंचे और झाड़ियों में छुप गए। जब अंजली पति आशीष को लेकर वहां पहुंची तो अंजली के इशारे पर आरोपियों ने आशीष पर डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। उसे बेहोश कर दिया। बॉयफ्रेंड और साथियों को भगाया इसके बाद गले में मफलर डालकर आशीष का गला घोंट दिया, जिससे आशीष की मौत हो गई। हत्या के बाद अंजली ने आशीष का मोबाइल और अपने कान के झुमके आरोपियों को देकर उन्हें मौके से भगा दिया, जिससे घटना को लूट या एक्सीडेंट का रूप दिया जा सके। पुलिस को अंजली भी बेहोशी की हालत में मिली थी। पुलिस दोनों को रावला सीएचसी लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। ……… हत्या से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… शादी के 3-महीने बाद प्रेमी से करवाई पति की हत्या:लाठी-डंडों से पीटा, फिर मफलर से गला घोंटा; पत्नी पास में खड़ी होकर देखती रही श्रीगंगानगर में युवक की हत्या लव अफेयर में पत्नी ने प्रेमी से करवाई थी। प्रेमी और उसके साथियों ने युवक को बीच सड़क लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद मफलर से गला घोंट दिया। युवक का शव सड़क पर मिला था। वहीं उसके पास ही पत्नी बेहोश पड़ी थी। पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद मंगलवार को पत्नी-प्रेमी समेत 4 चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। (पढ़ें पूरी खबर)