बाड़मेर और बालोतरा का भूगोल बदलने के बाद मंत्री के.के. विश्नोई ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा- रंग सूं तो रंग मिल जाए, गुणां री जोड़ी नाय मिले… यह बीजेपी की शैली है। हमारी क्वालिटी अलग है और विपक्ष की क्वालिटी अलग। इसके बाद उन्होंने भजन गाकर बात रखी- भाई म्हारा रंग सूं तो रंग मिल जाए, गुणां री जोड़ी नाय मिले। कागा-कोयल एक ही रंग रा, बैठे एक ही डाल। कड़वो तो कागो बोले है, कोयल रस बरसाए। यही गुणों का अंतर है, यही समझाना चाह रहा हूं। दरअसल, बाड़मेर और बालोतरा के भूगोल में बदलाव को लेकर रविवार रात को धोरीमन्ना के आलमसर मंदिर मैदान में धन्यवाद सभा और रात्रि जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री के.के. विश्नोई का हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने स्वागत किया। बोले मंत्री – भीड़ ही बता रही है बालोतरा में शामिल होने पर खुशी मंत्री ने कहा कि भीड़ देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि बालोतरा में शामिल होने पर लोग किस तरह खुशी जता रहे हैं। जोधपुर से शुरू हुआ स्वागत का यह सिलसिला धोरीमन्ना में समाप्त हुआ। कड़ाके की ठंड और आधी रात के बावजूद बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे। बीजेपी कोई फैसला बिना जनसहमति नहीं लेती मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा- बीजेपी की पद्धति स्पष्ट है। जनता की राय, सहमति और इच्छा के बिना कोई भी निर्णय नहीं लिया जाता। गुड़ामालानी और धोरीमन्ना को बालोतरा में शामिल किए जाने पर लोगों ने खुशी जताई और उसी रात पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के साथियों को इस विषय पर गंभीर अध्ययन करने की आवश्यकता है। विपक्ष की आदत खराब पड़ गई है एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा- विपक्ष को बोलने से पहले सोचने की जरूरत है। क्या वे तब डोली गांव की चिंता कर रहे थे, जब जिला बाड़मेर ही था और उनके पास 70 साल का समय था? बालोतरा जिला पूर्ववर्ती सरकार के समय ही क्यों बनाया गया? उन्होंने कहा कि विपक्ष ने चौहटन से तीन किलोमीटर दूर गांव को चौहटन में शामिल कर दिया। मंत्री ने कहा कि विपक्ष को हर बात पर सवाल खड़े करने की आदत पड़ गई है। समय बदल गया है। विपक्ष के नेताओं को माइक पकड़कर भाषण देने के बजाय लोगों के बीच जाने की जरूरत है। वे मुझे सिखाने का प्रयास करते हैं, जबकि उन्हें खुद सीखने की आवश्यकता है। तीन-चार सवाल बार-बार पूछने की उनकी आदत को भी बदलना चाहिए। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … राजस्थान के 2 जिलों का रातोंरात भूगोल बदला:बाड़मेर और बालोतरा की सीमाओं में फेरबदल; भाजपा ने पटाखे फोड़े, कांग्रेस का विरोध राज्य सरकार ने पाकिस्तान से सटे दो जिलों बाड़मेर और बालोतरा का रातें-रात भूगोल बदल दिया है। 31 दिसंबर को राजस्व विभाग ने दोनों जिलों के इलाकों का पुनर्गठन करने की अधिसूचना जारी कर दी। ।(पूरी खबर पढ़ें)
