जालंधर सिटी में सोमवार देर रात एक कार बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार 100 या इससे ज्यादा स्पीड में थी। कार के टकराते ही बिजली का पोल टेढा हो गया। तारों में स्पार्किंग हुई और झटके में मोहल्ले के बत्ती गुल हो गई। घटना शहर की घास मंडी के गुरु नानक कॉलोनी की है। कार के खंभे में टकराने के बाद ड्राइवर का सिर फ्रंट शीशे से टकरा गया। कांच लगने से ड्राइवर लहूलुहान होकर सीट पर ही गिर गया। लोगों ने उसे निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां पर उसका इलाज चल रहा है, डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताया है। जोरदार टक्कर, पूरे मोहल्ले में सुनाई दी आवाज देर रात खंभे से कार इतने जोर से टकराई कि पूरे मोहल्ले में आवाज सुनाई दी। इसके बाद झटके के साथ बत्ती गुल हो गई। लोगों को शक हुआ, तो वे दौड़े-दौड़े रोड की तरफ आए और कार चालक को बाहर निकाला। इसके बाद बिजली बहाल करने के लिए बिजली कर्मचारियों को सूचित किया गया। लोग बोले-शुक्र है किसी पर कार नहीं चढ़ी गुरु नानक कॉलोनी के करण ने बताया कि कार ड्राइवर गली में करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से निकला। शुक्र है कि गली में किसी पर कार नहीं चढ़ी। दिन का समय होता, तो गली में लोग होते जिससे ड्राइवर की तेज रफ्तारी के कारण जानलेवा हादसा भी हो सकता था। लोगों का आरोप-नशे में था कार का ड्राइवर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार में केवल ड्राइवर ही सवार था। लोगों ने आरोप लगाया कि ड्राइवर नशे की हालत में लग रहा था, क्योंकि दुर्घटना के बाद वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। खून से लथपथ होने के कारण चालक की पहचान नहीं हो सकी। घटना की सूचना बिजली विभाग और संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई है।