फाजिल्का जिले में जलालाबाद की थाना वैरोका पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत मकान बनाने के लिए मिले फंड का दुरुपयोग करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने विभिन्न किश्तों के माध्यम से 1 लाख 20 हजार रुपए प्राप्त किए और उनका गलत इस्तेमाल किया। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर शुरू की गई है। जलालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि यह कार्रवाई थाना वैरोका पुलिस द्वारा की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामला उच्च अधिकारियों की मंजूरी के बाद दर्ज किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को मकान उपलब्ध कराना है। डीएसपी बराड़ के मुताबिक, गांव ढाब खुशहाल जोहिया निवासी जोगिंदर सिंह पर आरोप है कि उसने योजना के तहत मिले मकान निर्माण के पैसों का दुरुपयोग किया। थाना वैरोका के एसएचओ परमजीत सिंह दरोगा ने बताया कि लाभपात्री ने एक पुराना मकान दिखाकर योजना के तहत 1 लाख 20 हजार रुपए की विभिन्न किश्तें हासिल किए। एसएचओ ने आगे बताया कि जोगिंदर सिंह ने इन पैसों का दुरुपयोग किया और लोकेशन बदलकर पहले से बने हुए मकान की तस्वीरें अपलोड करके बाद की किश्तों के जरिए यह राशि प्राप्त की। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।
