पंजाब में गणतंत्र दिवस पर स्टेट लेवल प्रोग्राम इस बार पाकिस्तान से लगते जिले फाजिल्का में होगा। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया वहां तिरंगा फहराएंगे और लोगों को सम्मानित करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान होशियारपुर में तिरंगा फहराएंगे। वहीं, जिलों में मंत्री तिरंगा फहराएंगे। इस बार दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पंजाब की झांकी भी दिखाई जाएगी। यह झांकी गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी पर्व को समर्पित है। इस दौरान 24 पुलिस मुलाजिमों को मुख्यमंत्री रक्षक पदक व विशेष सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के मौके पर पंजाब पुलिस के 24 पुलिस अधिकारियों को मुख्यमंत्री रक्षक पदक व विशेष सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। जबकि, पंजाब-चंडीगढ़ की 4 बड़ी हस्तियों को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। इनमें क्रिकेटर हरमनदीप कौर, संत निरंजन दास और हॉकी कोच बलदेव सिंह व चंडीगढ़ की सड़कों को साफ करने वाले पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह का नाम शामिल है। जिन्हें सम्मान मिल रहा उनके बारे में जानिए… महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री भारत की मशहूर महिला क्रिकेटर और टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री देने का ऐलान किया गया है। इन्होंने वल्र्ड कप जीतने वाली टीम की अगुवाई की थी। वे पंजाब के मोगा जिले की रहने वाली हैं।
हरमनप्रीत कौर को खेल के क्षेत्र में उनके बेहतरीन योगदान के लिए भारत सरकार ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन्हें महिला क्रिकेट को नई पहचान देने, टीम को कई ऐतिहासिक जीत दिलाने और युवाओं के लिए प्रेरणा बनने के लिए दिया गया। पंजाब के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिद्धू को पद्म श्री 88 साल के पंजाब के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें पद्म पुरस्कार 2026 के तहत सामाजिक कार्य के क्षेत्र में दिया जाएगा। वे पंजाब पुलिस के रिटायर्ड डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) हैं। वे चंडीगढ़ के सेक्टर 49 (IAS-IPS ऑफिसर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी) में रहते हैं। वहां पिछले 10 से ज्यादा वर्षों से वे सेनिटेशन कार्ट उधार लेकर हर दिन सुबह 6 बजे सड़कें और नालियां साफ करते हैं। उन्हें सामाजिक कार्य करने और कई लोगों को प्रेरित करने के लिए पद्म श्री अवॉर्ड मिल रहा है। उनकी यह मेहनत कई बार सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई है। संत निरंजन दास को धार्मिक कार्यों के लिए पद्म श्री पंजाब के संत निरंजन दास जी को भी उनके धार्मिक कार्यों के लिए पद्म श्री मिलेगा। वो एक प्रसिद्ध आध्यात्मिक नेता और धर्म गुरु हैं। वे डेरा सचखंड बल्लां (Dera Sachkhand Ballan) के प्रमुख संत हैं, जो सबसे बड़े रविदासिया धार्मिक समुदायों में से एक का नेतृत्व करता है। हॉकी कोच बलदेव सिंह को पद्म श्री भारतीय हॉकी को कई स्टार प्लेयर देने वाले हॉकी कोच बलदेव सिंह को इस बार पद्म श्री अवॉर्ड के लिए चुना गया है। शाहाबाद (हरियाणा) में उन्होंने लंबे समय तक हॉकी अकादमी चलाई, जो महिला हॉकी की नर्सरी के रूप में प्रसिद्ध हुई। रानी रामपाल जैसे प्लेयर उन्होंने दिए है। अब वह मोगा में अकाडमी चलाते है। बाद में उन्होंने खालसा कॉलेज हॉकी अकादमी, अमृतसर में भी भूमिका निभाई है, जहां युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण मिलता रहा है। उनके द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ियों में रानी रामपाल-भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान, नवजोत कौर, भूपिंदर कौर, सुरिंदर कौर, जितसीत कौर, राजविंदर कौर, रीतू रानी, ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित लगभग 16 खिलाड़ी शामिल हैं। हिमाचल कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रेम लाल को भी पद्म श्री इस सूची में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से संबंध रखने वाले प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रेम लाल गौतम का नाम भी शामिल है। उन्हें विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा जाएगा। डॉ. प्रेम लाल गौतम का जन्म 12 दिसंबर 1947 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुआ था। उन्होंने हिमाचल कृषि कॉलेज सोलन से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद, उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) दिल्ली से एमएससी और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. गौतम कृषि आनुवंशिकी और पौध प्रजनन के क्षेत्र में देश के अग्रणी वैज्ञानिकों में से एक हैं। उन्होंने गेहूं, सोयाबीन, फॉक्सटेल मिलेट, राइस बीन, अमरनाथ और कूटू सहित 12 से अधिक उन्नत फसल किस्मों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चंडीगढ़ के आईजी-इंस्पेक्टर को मिलेगा राष्ट्रपति पदक गणतंत्र दिवस 2026 पर चंडीगढ़ के आईजी पुष्पेंद्र कुमार और इंस्पेक्टर जसबीर सिंह को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी कमेंडेशन डिस्क (स्वर्ण, रजत और कांस्य) देने की घोषणा की गई है। आईजी पुष्पेंद्र कुमार, वर्तमान में यूटी चंडीगढ़ में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के पद पर तैनात हैं। वहीं, इंस्पेक्टर जसबीर सिंह, जिन्होंने 11 फरवरी 1992 को एएसआई के रूप में सेवा शुरू की थी, वर्तमान में थाना मलोया में एसएचओ के रूप में कार्यरत हैं। दोनों को पुलिस सेवा में उत्कृष्ट और सराहनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा हेड कॉन्स्टेबल सुरिंदर पाल को भी राष्ट्रपति पदक के लिए चुना गया है। CM ने पोस्ट डालकर दी यह जानकारी सीएम भगवंत मान ने कहा कि जहां हम ‘हिंद दी चादर’ साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी को पूरे राज्य में श्रद्धा और सम्मान के साथ राज्य-स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से मना रहे हैं। वहीं गुरु साहिब के जीवन फलसफे और उनकी अद्वितीय शहादत को समर्पित एक झांकी गणतंत्र दिवस की परेड के लिए भी भेजी गई है, जो इस वर्ष 26 जनवरी की परेड की शोभा बनेगी। 24 पुलिस अधिकारियों को मुख्यमंत्री रक्षक पद पंजाब के राज्यपाल ने मुख्यमंत्री रक्षक पदक पुरस्कार के लिए एक पीपीएस अधिकारी डीएसपी सुनाम उधम सिंह वाला हरविंदर सिंह और चार पुलिस अधिकारियों के नामों की घोषणा की है, जिनमें इंस्पेक्टर निर्मल सिंह, हेड कॉन्स्टेबल सुखमनप्रीत सिंह, एएसआई बलबीर चंद तथा सीनियर कॉन्स्टेबल धर्मपाल सिंह शामिल हैं। इसी प्रकार एआईजी एसपी बलजीत सिंह, एसपी मुख्यालय फरीदकोट मनिंदर वीर सिंह, डीएसपी इन्वेस्टिगेशन दलजीत सिंह तथा एसपी दविंदर सहित चार पीपीएस अधिकारी उन 19 अधिकारियों/कर्मचारियों में शामिल हैं, जिन्हें ड्यूटी के प्रति उत्कृष्ट समर्पण के लिए मुख्यमंत्री पदक हेतु चुना गया है। शेष 15 अधिकारियों/कर्मचारियों में इंस्पेक्टर मनदीप सिंह, इंस्पेक्टर रुशिका, इंस्पेक्टर प्रभजोत कौर, इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह, इंस्पेक्टर सुमित मोर, इंस्पेक्टर पुष्विंदर सिंह, एसआई गुरपाल सिंह, एसआई भूपिंदर सिंह, एएसआई गुरजंट सिंह, एएसआई गुरवीर सिंह, एएसआई गुरप्रीत सिंह, एएसआई कुलजीत सिंह, एचसी मनदीप सिंह, एचसी सुखविंदर सिंह तथा सीनियर कॉन्स्टेबल अनु बाला शामिल हैं। डीजीपी गौरव यादव ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान ने भी सभी को बधाई दी। यहां देखे गणतंत्र दिवस पर सम्मानित होने वाले अफसरों की सूची… चंडीगढ़ में ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा चंडीगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड के आसपास 26 जनवरी को ट्रैफिक में बड़े बदलाव किए गए हैं। समारोह के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एडवाइजरी जारी की है। सुबह साढ़े 6 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई सड़कों को बंद करने और डायवर्ट करने का फैसला लिया है। इन सड़कों पर केवल आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति होगी। इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक बंद