डोमेस्टिक क्रिकेट में राजस्थान की टीमें अलग-अलग स्तरों पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। रणजी ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मानव सुथार के पहले शतक ने राजस्थान को मजबूत वापसी दिलाई, वहीं अंडर-23 और अंडर-14 मुकाबलों में भी राजस्थान के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के बीच खेले जा रहे रणजी मुकाबले में तीसरे दिन राजस्थान ने मुश्किल हालात से उबरते हुए शानदार वापसी की। हिमाचल प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 406 रन बनाए। राजस्थान की ओर से मानव सुथार ने 76 रन देकर 3 विकेट, खलील अहमद ने 68 रन देकर 3 विकेट और अनिकेत चौधरी ने 79 रन देकर 2 विकेट लिए। जवाब में राजस्थान की पहली पारी 342 रन पर सिमट गई, लेकिन इस स्कोर तक पहुंचने में मानव सुथार की ऐतिहासिक भूमिका रही। दूसरे दिन राजस्थान ने मात्र 104 रन पर अपने 6 प्रमुख विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सातवें विकेट के लिए मानव सुथार और अजय सिंह कुकना के बीच 130 रन की अहम साझेदारी हुई। आठवें विकेट के लिए मानव सुथार और अपने पहले ही रणजी मैच खेल रहे अमोल चेलानी के बीच 101 रन की साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। मानव सुथार ने रणजी करियर का पहला शानदार शतक लगाते हुए 120 रन बनाए। अजय सिंह कुकना ने 55 और अमोल चेलानी ने 52 रन का योगदान दिया। हिमाचल की ओर से मुकुल नेगी ने 4 विकेट और आर्यमन धालीवाल ने 5 विकेट लिए। हिमाचल ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 38 रन बना लिए हैं। राजस्थान क्रिकेट संघ की मेजबानी में जयपुर के केएल सैनी स्टेडियम में खेले जा रहे राजस्थान बनाम असम अंडर-23 मैच के दूसरे दिन राजस्थान पूरी तरह हावी रहा। राजस्थान ने अपनी पहली पारी में 480 रन बनाए। टीम के लिए राज शर्मा ने 168 और करण लाम्बा ने शानदार 100 रन बनाए। यह राज शर्मा का सीके नायडू ट्रॉफी में सातवां शतक है, जिसमें से चार शतक केएल सैनी स्टेडियम पर आए हैं। जबकि असम की ओर से हर्ष कुमार ने 4 विकेट लिए। जवाब में असम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाए। राजस्थान के गेंदबाज गणेश सुथार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं इंदौर में खेली जा रही राज सिंह डूंगरपुर अंडर-14 ट्रॉफी में राजस्थान और विदर्भ के बीच मुकाबले के पहले दिन राजस्थान के गेंदबाजों ने प्रभाव छोड़ा। विदर्भ की टीम 318 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए विराज ने 88 और राजस ने 86 रन बनाए। राजस्थान की ओर से कुलदीप बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 59 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि अभिमन्यु चौधरी को 3 विकेट मिले। राजस्थान ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 19 रन बना लिए हैं।
