भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने शुक्रवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर प्रदेशभर से अल्पसंख्यक समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदभार ग्रहण समारोह में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने हमीद खान मेवाती को प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व सौंपा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा- हमीद खान मेवाती एक अनुभवी और जमीनी कार्यकर्ता हैं। उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा। मदन राठौड़ ने कहा- मोर्चा के कार्यकर्ता उन दलों को बेनकाब करें, जो सालों से समाज के नाम पर तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे हैं। भाजपा ने हमेशा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बीजेपी की राष्ट्रवादी विचारधारा और विकासपरक नीतियों को अल्पसंख्यक समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। योजनाओं की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य की बीजेपी सरकार ने अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना मोर्चा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में मोर्चा इस दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा। हमीद खान ने कहा- मुस्लिम बाहुल्य विधानसभा में संगठन को मजबूत करेंगे वहीं, हमीद खान मेवाती ने कहा- मैं बीजेपी की विचारधारा, राष्ट्रहित की सोच और विकास की राजनीति को अल्पसंख्यक समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करूंगा। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से बीजेपी संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही उन्होंने मुस्लिम बाहुल्य विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने की बात कही। ये मौजूद रहे समारोह में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मजीद मलिक कमांडो, एम. सादिक खान, वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अबूबकर नकवी, मदरसा बोर्ड चेयरमैन हिदायत खां धौलिया, मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. तसलीम बानो, पूर्व राष्ट्रीय मंत्री रेशमा हुसैन, वरिष्ठ नागरिक आयोग के प्रदेश संयोजक रविन्द्र जैन, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रमजान अली चौपदार, एम.डी. शेख, उद्योगपति तालीम शेख सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
