राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन राहुल कांवट और मेंटोर पंकज सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद न सिर्फ खिलाड़ी और क्रिकेट लवर्स, बल्कि राजस्थान सरकार के सामने भी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की मौजूदा स्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। कांवट ने कहा- राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के मौजूदा हालात काफी खराब हैं। हम खिलाड़ियों के हित में काम करने के लिए यहां आए थे, लेकिन फिलहाल जो कंट्रोवर्सी राजस्थान क्रिकेट में चल रही है। उससे सबसे ज्यादा अहित खिलाड़ियों का ही हो रहा है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन राहुल कांवट और पंकज सिंह ने शुक्रवार शाम इस्तीफा दिया। इसमें दोनों ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के मौजूदा हालात में काम करने को लेकर असमर्थता जाहिर की है। दोनों पदाधिकारियों ने एडहॉक कमेटी कन्वीनर दीनदयाल कुमावत और कमेटी के चारों सदस्यों को ईमेल के जरिए इस्तीफा भेजा। कांवट बोले- कन्वीनर और मौजूद सदस्यों में बन नहीं रही
दैनिक भास्कर से खास बातचीत में सीनियर सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन राहुल कांवट ने कहा- राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के मौजूदा हालात काफी खराब हैं। हम खिलाड़ियों के हित में काम करने के लिए यहां आए थे, लेकिन फिलहाल जो कंट्रोवर्सी राजस्थान क्रिकेट में चल रही है। उससे सबसे ज्यादा अहित खिलाड़ियों का ही हो रहा है। कन्वीनर और मौजूद सदस्यों में बन नहीं रही है। इसकी वजह से हम लोगों को जहां खिलाड़ियों के लिए काम करना चाहिए था। वहीं कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। ऐसे में इन हालात से परेशान होकर मैंने और पंकज सिंह ने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया। हम इस तरह के हालात में काम नहीं कर सकते या फिर यह कहें कि जो भी व्यक्ति क्रिकेट की भलाई के लिए काम करना चाहता है। वह फिलहाल राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में काम नहीं कर सकता है। पिछले दिनों की थी मुलाकात
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर सिलेक्शन कमेटी के सिलेक्टर्स ने पिछले दिनों एडहॉक कमेटी के पदाधिकारियों से मुलाकात भी की थी। इसके बाद से ही राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में विवाद की स्थिति शुरू हो गई थी। इसके बाद अब दीनदयाल कुमावत के खास माने जाने वाले सीनियर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन राहुल कांवट और मेंटोर पंकज सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। कन्वीनर दीनदयाल बोले- मुझे जानकारी नहीं
हालांकि पूरे विवाद पर अब एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने जानकारी नहीं होने की बात कही। पूरे मामले पर जब हमने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत से उनका पक्ष जानना चाहा। तो उन्होंने बताया कि मुझे फिलहाल राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के किसी भी मेंटोर या सिलेक्टर के इस्तीफा की जानकारी नहीं है। वहीं, एडहॉक कमेटी के सदस्य धनंजय सिंह खींवसर ने कहा- यह एक गंभीर विषय है। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है कि लगातार राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सिलेक्टर्स अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
