दिल्ली के ज्वेलरी कारोबारी भक्त ने सांवरा सेठ के दरबार में चांदी के 2 शोरूम भेंट किए। चार मंजिला चांदी के इन शोरूम का कुल वजन 3.370 किलोग्राम है। इस्तेमाल की गई चांदी की मार्केट वैल्यू करीब 7 लाख रुपए है। कारोबारी के दो नए शोरूम रायपुर (छत्तीसगढ़) और वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में बने हैं। इसी खुशी में सांवरा सेठ को ये भेंट अर्पित की गई है। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में कारोबारी गिरी जेवर महल की ओर से ये भेंट दी गई है। खास बात ये है कि कारोबारी जब भी देश में अपना नया शोरूम शुरू करते हैं, तो बिल्डिंग का चांदी का मॉडल बनवाकर सबसे पहले सांवरा सेठ को अर्पित करते हैं। कई साल से यह परंपरा जारी है। वाराणसी और रायपुर में बन रहे शोरूम भगवान को चांदी के जो दो शोरूम भेंट किए गए हैं, उनमें से एक पर गिरी जेवर महल काशी लिखा है तो दूसरे पर गिरी जेवर अरिहंत लिखा है। गिरी जेवर महल काशी शोरूम उत्तर प्रदेश में बनारस के महमूगंज इलाके में तैयार हुआ है, जिसकी ओपनिंग 26 अक्टूबर को होगी। दूसरा गिरी जेवर अरिहंत शोरूम छत्तीसगढ़ के रायपुर में बना है, जिसका उद्घाटन 1 नवंबर को होना है। कारोबारी ने मंदिर मंडल को बताया- हम नए शोरूम शुरू करने जा रहे हैं। इस अवसर पर यह भेंट चढ़ा रहे हैं। कारोबारी परिवार कई साल से निभा रहा परंपरा मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी प्रथम राहुल धाकड़ ने बताया- गिरी जेवर महल से जुड़ा कारोबारी परिवार लंबे समय से सांवरा सेठ का भक्त है। ये नियमित रूप से भगवान के दर्शन करने आते हैं। जब भी उनके कारोबार में कोई नई शुरुआत होती है या नया शोरूम खुलता है, तो वे उसकी चांदी की प्रतिकृति बनवाकर मंदिर में भेंट करते हैं। यह उनकी आस्था का हिस्सा है, कई साल से परंपरा जारी है। राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया ने बताया- वर्तमान में चांदी के बाजार भाव के अनुसार दोनों शोरूम की कुल कीमत करीब 7 लाख 7 हजार 700 रुपए है। अपनी डिजाइन और बारीक कारीगरी के कारण यह भेंट खास मानी जा रही है। सांवरा सेठ के दीवाने, चांदी का क्या-क्या किया भेंट..