विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के आठ प्रमुख उत्सवों में शामिल अखंड भारत संकल्प दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को विहिप कार्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विभिन्न आनुषांगिक संगठनों की बैठक हुई। इसमें 14 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विहिप जिलाध्यक्ष जयप्रकाश गुचिया ने बताया कि कार्यक्रम 14 अगस्त को शाम 7 बजे पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रार्थना मैदान में आयोजित होगा। इस दौरान रेत पर अखंड भारत का नक्शा उकेरकर दीपदान किया जाएगा। इसके साथ भारत माता की आरती सहित अन्य कार्यक्रम भी होंगे। कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आरएसएस और विभिन्न आनुषांगिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रांत प्रचार प्रमुख अमित पाराशर कार्यक्रम में बौद्धिककर्ता के रूप में संबोधित करेंगे। बोले- भारत के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता जरूरी जय राम गज्जा ने कहा कि 14 अगस्त 1947 तक भारत अखंड था, जिसके बाद देश का विभाजन हुआ। उन्होंने कहा कि अखंड भारत के गौरवमय इतिहास को पुनर्स्थापित करने के लिए समाज में जागरूकता जरूरी है। बैठक में समाजसेवी मेघराज कल्ला, धनसुख टरु, करण सिंह राजपुरोहित, अरुण व्यास, अशोक पालीवाल, पेंप सिंह भाटी, राजीव गर्ग सहित कई कार्यकर्ताओं ने अपने विचार और सुझाव रखे। वक्ताओं ने देश की एकता और अखंडता के प्रति समाज को जागरूक करने तथा देश विरोधी ताकतों से सावधान रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।