झालावाड़ पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 बाइक बरामद की गई हैं। ये बाइक झालावाड़ शहर, रामगंजमंडी और कोटा शहर सहित विभिन्न स्थानों से चुराई गई थीं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में वाहन चोरी और नकबजनी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन, वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन और कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने चोरी की घटनाओं वाले स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखी। इसके बाद वाहन चोर गिरोह की पहचान की गई और झालावाड़ शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान बंटी उर्फ सुरेश, राजू, गिर्राज, हेमराज और किशन उर्फ रामकिशन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने चोरी के तरीके का खुलासा किया। वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बाइक की रेकी करते थे और वाहन मालिक के दूर जाते ही मास्टर चाबी का उपयोग कर लॉक खोलकर बाइक चुरा लेते थे। चोरी के बाद, वे बाइक को सुनसान स्थानों या झाड़ियों में छिपा देते थे। पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटाने, दूसरी नंबर प्लेट लगाने, रंग बदलने और इंजन व चेसिस नंबर मिटाने का भी प्रयास करते थे। बाद में इन चोरी की बाइकों को औने-पौने दामों में बेचकर अपनी जरूरतों और शौक पूरे करते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ के दौरान वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
