पाली में रविवार को प्रयोगशाला सहायक की परीक्षा देने आए एक लड़का और लड़की परीक्षा खत्म् होने के बाद रोडवेज बस में बैठ रहे थे। भीड़ के कारण धक्का लगने से दोनों नीचे गिर गए। इस दौरान रोडवेज बस का चक्का दोनों के पैरों के ऊपर से निकल गया। इलाज के लिए उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया है।
जानकारी के अनुसार सिरोही जिले के फतेह नगर केसरपुरा केशपुरा निवासी नवरतन मीणा पुत्र मूलाराम और पाली जिले पालड़ी गांव निवासी मोनिका पुत्री प्रकाश कुमार रविवार को प्रयोगशाल सहायक की परीक्षा देने आए थे। शाम को परीक्षा खत्म होने के बाद अन्य अभ्यर्थियों की तरह ये भी नया बस स्टैंड पहुंचे। परीक्षा के चलते बसों में भीड़ ज्यादा थी। दोनों बस में चढ़ रहे थे। इस दौरान धक्का लगने से दोनों नीचे गिर गए। इतने में बस रवाना हो गए। और बस का पिछला चक्का दोनों के पैरों के ऊपर से गुजर गया। जिन्हें तुरंत वहां खड़े दूसरे अभ्यर्थी टेक्सी में डालकर इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां उनका इलाज किया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी।