होशियारपुर के तलवाड़ा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में ड्यूटी के दौरान सुरक्षाकर्मी गुरमेल सिंह अपनी डबल बैरल बंदूक से अचानक गोली चलने से गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना आज हुई। घटना के बाद घायल सुरक्षाकर्मी गुरमेल सिंह को तुरंत बीबीएमबी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए जालंधर रेफर कर दिया गया है, फिलहाल उनका उपचार जारी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही तलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षाकर्मी की बंदूक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच में जुटी पुलिस डीएसपी बलविंदर सिंह जोड़ा के अनुसार, घायल सुरक्षाकर्मी गुरमेल सिंह से गोली कैसे चली, यह जांच का विषय है। पुलिस गुरमेल सिंह के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी और मामला दर्ज किया जाएगा।

You missed