जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) टोंक एवं नासिरदा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की है। डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश जाट एवं नासिरदा थाना प्रभारी नेकीराम जाट के नेतृत्व में एक तस्कर को पकड़ा है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान नासिरदा कस्बे के हिसामपुरा रोड स्थित अंबेडकर हॉस्टल के पास दबिश देकर एक तस्कर को मादक पदार्थ स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2 लाख की स्मैक और 1.20 लाख रुपए जब्त किए हैं। यह राशि स्मैक की खरीद फरोख्त की थी। वह जब्त की गई स्मैक को बेचने जा रहा था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया। टीम ने आरोपी विक्रम (20) पुत्र बहादुर निवासी सांसी बस्ती नासिरदा को गिरफ्तार किया गया। हॉस्टल के पास से पकड़ा डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि यह कुछ महीने से ही स्मैक समेत अन्य अवैध मादक पदार्थ बेच रहा था। इसकी भनक लगने के बाद नासिरदा थाना पुलिस के साथ मिलकर इसकी दिनचर्या पर निगरानी रखी गई। फिर इसे स्मैक की सप्लाई के लिए जाते समय नासिरदा में हॉस्टल के पास से दबोच लिया। स्मैक बेच कर आई रकम भी बरामद की इसके पास से 10.17 ग्राम स्मैक जब्त की है। साथ ही खरीद फरोख्त के उसकी जेब में रखे 1 लाख 20 हजार रुपए भी जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश जाट के अलावा नासिरदा थाना प्रभारी नेकीराम जाट भी मय पुलिस जाप्ते के मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इनपुट: महेंद्र धाकड़, नासिरदा।