झीलों की नगरी उदयपुर में हरियाली अमावस्या मेले को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। 12 और 13 अगस्त को होने वाले मेले के लिए मंगलवार को यूडीए कार्यालय के बाहर से लेकर सहेली मार्ग तक दोनों तरफ नगर निगम की ओर से आवंटित जगहों पर दुकानें और स्टॉल सजकर तैयार हो गईं। मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। यूडीए कार्यालय के सामने मनोरंजन के लिए डोलर-चकरी लगाई गई हैं। इसी तरह सहेली मार्ग से सुखाड़िया सर्कल जाने वाले मार्ग पर भी डोलर-चकरी सहित मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। मेले में आने वाले लोगों के लिए खाने-पीने से लेकर विभिन्न तरह की खरीदारी की दुकानें सजाई गई हैं। हरियाली अमावस्या मेले पर दूसरे दिन 13 अगस्त को फतहसागर की पाल और सहेलियों की बाड़ी में महिलाओं का मेला लगेगा। इस दिन महिलाएं अपनी सखियों के साथ मेले में पहुंचकर खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लेंगी। मेले के लिए नगर निगम की ओर से पहले 800 दुकानों की खुली नीलामी प्रक्रिया कराई गई थी। इससे निगम को करीब 9 लाख रुपए से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। दुकानदारों ने मंगलवार को अपनी-अपनी दुकानों और स्टॉलों को अंतिम रूप दिया। मेले में भीड़ के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को जानें मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक और डायवर्जन की विशेष व्यवस्था की है। 12 और 13 अगस्त को कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जवान तैनात करने और डिवाइडर लगाने की व्यवस्था की है, ताकि मेले में आने वाले लोगों को परेशानी न हो। इन रास्तों पर वाहनों की एंट्री रहेगी बंद यहां पार्क कर सकेंगे वाहन ऐसे रहेगी आवागमन व्यवस्था आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की अपील पुलिस ने आमजन से मेले के दौरान यातायात पुलिस का सहयोग करने और मुख्य सड़कों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू नहीं होगी। लोगों से इन वाहनों को रास्ता देने की अपील की गई है।
