शहरी स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत बहादुरपुर नगरपालिका ने शहर के आधुनिकीकरण की दिशा में कदम उठाया है। मुंडिया खेड़ा रोड के पास पचवीर वाला जोहड़ पर अब पारंपरिक बड़े प्लांट के बजाय ‘कंपैक्ट सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट’ (CSTP) स्थापित किया जाएगा। यह प्लांट शहर के गंदे पानी के प्रबंधन के लिए नई तकनीक का उपयोग करेगा। सीवरेज सिस्टम को नई मजबूती मिलेगी इस कंपैक्ट प्लांट के लगने से न केवल जगह की बचत होगी, बल्कि शहर के सीवरेज सिस्टम को भी नई मजबूती मिलेगी। नगरपालिका अधिकारियों का मानना है कि यह पहल बहादुरपुर को ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के आगामी सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने में मदद करेगी। प्लांट से शोधित पानी का उपयोग स्थानीय उद्यानों और औद्योगिक कार्यों में किया जाएगा, जिससे ताजे पानी की बर्बादी रुकेगी। भूमि पूजन और प्रारंभिक ढांचा तैयार करने का काम शुरू नगरपालिका कनिष्ठ अभियंता वेद प्रकाश यादव ने बताया कि चिह्नित क्षेत्रों में भूमि पूजन के साथ ही प्रारंभिक ढांचा तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि 250 KLD क्षमता के इस प्लांट को आने वाले कुछ महीनों के भीतर पूरी क्षमता के साथ शुरू कर दिया जाए। ‘बहादुरपुर को एक ‘मॉडल टाउन’ बनाना चाहते है’ नगरपालिका अधिशासी अधिकारी महिमा डागी ने कहा, “हम बहादुरपुर को एक ‘मॉडल टाउन’ बनाना चाहते हैं। कंपैक्ट एसटीपी तकनीक का चयन इसलिए किया गया ताकि कम लागत और कम जगह में हम नागरिकों को बेहतर ड्रेनेज सुविधा दे सकें। यह पर्यावरण और विकास के बीच एक सही संतुलन है।”
