हनुमानगढ़ में बुधवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में आसमान धूल के गुबार से ढक गया। तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना हुआ था। दोपहर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था, जबकि उमस बढ़ने से लोगों को असहजता महसूस हुई। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम रही। शाम करीब सात बजे के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज रफ्तार हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चलने लगी। आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर लोगों को अपने वाहन रोककर इंतजार करना पड़ा। शहर में विजिबिलिटी भी काफी प्रभावित हुई। बिजली निगम ने एहतियात के तौर पर कई फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, ताकि तेज हवा के दौरान किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी बिजली कटौती की सूचना मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से राजस्थान के कई जिलों में मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। बीकानेर संभाग के जिलों में तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले एक-दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है।