पंजाब में फिरौती को लेकर फायरिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। कपूरथला की सब-डिवीजन सुल्तानपुर लोधी में बरिस्ता रेस्टोरेंट के बाहर फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सुल्तानपुर लोधी के डीएसपी धीरेंद्र वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले रेस्टोरेंट के मालिकों को लाखों रुपये की फिरौती के लिए धमकी भरे फोन कॉल आए थे, जिसके चलते इस हवाई फायरिंग को उसी फिरौती के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मौके पर एक गोली चलने की बात कही जा रही है, जिसकी अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। इंस्टाग्राम पर ली फायरिंग की जिम्मेदारी इस वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक हैरान करने वाला दावा सामने आया है। ‘chan_dhillon307’ नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट से इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए पोस्ट डाली गई है। पोस्ट में कहा गया है कि फिरौती के फोन कॉल का जवाब न मिलने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, पुलिस या किसी प्रामाणिक स्रोत ने इस सोशल मीडिया दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, लिखित शिकायत का इंतजार डीएसपी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि इस मामले में अभी तक रेस्टोरेंट प्रबंधन या किसी अन्य पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद, पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं, जिनके हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। व्यापारियों में चिंता, हर पहलू से जांच कर रही पुलिस इस घटना के बाद से सुल्तानपुर लोधी के व्यापारिक समुदाय और दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे तकनीकी साक्ष्यों और आपसी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहनता से तफ्तीश कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के असली कारणों और इसके पीछे शामिल चेहरों का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा।
