सीकर में आज शाम को एक बार फिर मौसम में बदलाव हुआ। बीती रात आए अांधी-अंधड़ के बाद से आज सुबह से आसमान में बादल छाए और शाम होते-होते फिर से धूल भरी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। दिनभर हवाएं नहीं चलने से तेज उमस रही। इस वजह से आज दिन के तापमान में भी गिरावट देखी गई। नए वेदर सिस्टम की वजह से पिछले 2 दिन से सीकर के तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। हवाओं की वजह से आज सुबह से धूप की तल्खी भी कमजोर रही। सीकर में आज तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट हुई है। बीती रात सीकर जिलेभर में तेज हवाओं और बिजली गिरने से कई जगह नुकसान हुआ। आज शाम को फिर से धूल भरी अांधियां चल रही हैं। अब अगले 3 दिन तक मौसम में बदलाव जारी रहेंगे। आज दिन में उच्च वायुदाब की स्थितियां बनने से दिन में हवाएं चलीं और बादलों की आवाजाही बनी रही। आज दिन में गर्मी कम रही लेकिन उमस से लोग बेहाल नजर आए। सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में अगले 2 दिन तक बादलों की आवाजाही रहेगी। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार नए वेदर सिस्टम के असर से फिलहाल सीकर के तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। पिछले 2 दिन से दिन में तेज गर्मी और सुबह-शाम धूल भरी हवाएं चल रही हैं, इस वजह से सुबह-शाम के तापमान में 2 दिन से गिरावट आई है। 16 मई तक हल्की बादलवाही रहेगी और बीच-बीच में हल्की बारिश की भी संभावना है। इस दौरान तेज उमस बनी रहेगी।