सलूम्बर देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सलूम्बर जिला मुख्यालय देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने मार्चपास्ट की सलामी ली। एडीएम ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया। इसके बाद सलूम्बर शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन कर अनुशासन और एकता का संदेश दिया। देशभक्ति गीतों से गूंजा समारोह स्थल विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। मंगलों और छत्रपति शिवाजी के दौर की नाट्य प्रस्तुति ने बांधा समां समारोह में इतिहास और वीरता से जुड़ी नाट्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंगलों और छत्रपति शिवाजी के समय की घटनाओं को मंच पर जीवंत करते कलाकारों को देखकर दर्शक भावुक हो उठे। वीरता, त्याग और संघर्ष के दृश्यों ने समारोह में मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं और देश के वीरों के बलिदान की याद दिलाई। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिवारों का सम्मान समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद परिवारों का सम्मान कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। इसके साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 44 अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी एवं विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। पूरे समारोह के दौरान उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से लेकर सम्मान समारोह तक हर कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को और बढ़ाया। सलूम्बर का जिला स्तरीय समारोह राष्ट्रभक्ति, वीरता और सामाजिक सम्मान का यादगार संगम बन गया।
