आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद स्थित सोहन फार्म में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा की और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति तैयार की। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्वयंसेवक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिसोदिया ने दावा किया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है और सरकारी स्कूलों की स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है। सिसोदिया ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है और 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा योजना से आम लोगों को राहत मिली है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार की नीतियों से लोगों को महंगे बिजली बिलों से राहत मिली है। नहरी पानी को गांवों के अंतिम छोर तक पहुंचाने के प्रयासों से कृषि क्षेत्र को लाभ हुआ है। सिसोदिया बोले- नहरी पानी के उपयोग से भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिला सिसोदिया ने कहा कि नहरी पानी के अधिक उपयोग से भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिला है और पानी के स्तर में सुधार देखा गया है। सिसोदिया ने पूर्ववर्ती सरकारों, कांग्रेस और अकाली-भाजपा गठबंधन पर पंजाब के विकास पर पर्याप्त ध्यान न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। इस अवसर पर विधायक लखबीर सिंह राय ने फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र के स्वयंसेवकों का स्वागत किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। बैठक के अंत में विधायक लखबीर सिंह राय ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से 21 जून को गांव चनारथल कलां में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।