श्रीगंगानगर में भीषण गर्मी के बीच पुरानी आबादी के वार्ड नंबर-17 में पानी की भारी किल्लत को लेकर लोगों ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। महिलाएं पानी के मटके लेकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचीं और हंगामा कर दिया। इस दौरान जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। वार्डवासियों ने बताया- धींगड़ा पार्क स्थित पानी की टंकी से डीएमए 11, 12, 13 और 14 को पानी की सप्लाई बेहद अनियमित हो गई है। पहले दो पारियों में नियमित पानी आता था, लेकिन अब एक पारी में भी सही समय पर पानी नहीं पहुंच रहा है। इसके कारण पूरे वार्ड खासकर कच्ची बस्ती के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में एक बूंद पानी नहीं, बच्चे-बुजुर्ग परेशान महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए कहा- गर्मी में पसीना तो निकल ही रहा है, ऊपर से पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। घरों में एक बूंद पानी नहीं मिल रहा। बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है। पानी की सप्लाई तुरंत दो पारियों में बहाल की जाए, जिससे वार्डवासियों की समस्या दूर हो सके। वार्ड-17 के निवासियों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या चली आ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। गर्मी के बढ़ते तापमान के साथ स्थिति और बदतर होती जा रही है। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। हालांकि, वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
