कोटा में बिजली विभाग (जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड) की टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रानपुर, आवली,रोजड़ी और जगपुरा इलाके में बिजली चोरी के मामले पकड़े। 70 से ज्यादा वीसीआर काटी। करीब एक करोड़ रूपए का जुर्माना लगाया। विभाग ने दो दिन रैकी के बाद ये कार्रवाई की। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिडेट कोटा के SE शिव चरण जांगिड़ ने बताया कि रानपुर, आवली,रोजड़ी और जगपुरा इलाके लोड से ज्यादा बिजली खपत हो रही थी। उसकी वजह से लाइन पर लोड बढ़ रहा था। फ्यूज उड़ जाते थे। लाइन में आग लग जाती थी। इसके बाद विभाग की टीम ने दो दिन तक रात के समय इलाके की रैकी की। लोगों को चिन्हित किया। जिसके बाद कार्रवाई के लिए तीन सब डिवीजन के अधिकारियों व विजिलेंस चेकिंग की 6 टीमें बनाई। आज तड़के 5 बजे बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। चेकिंग के दौरान करीब 70 लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। निरीक्षण में कुल 93,800 यूनिट की बिजली चोरी/अनियमितता पकड़ी गई है। जिसके एवज में निगम द्वारा एक करोड़ रूपए का जुर्माना लगाया। जयपुर डिस्कॉम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ इस प्रकार के कड़े अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। निगम ने आमजन से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और बिजली चोरी को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।