भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को जसोल स्थित श्री शिव तालाब में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। ये कार्यक्रम श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के सहयोग से संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने इस अवसर पर पौधारोपण किया। उन्होंने श्री शिव तालाब परिसर में चलाए गए स्वच्छता अभियान में भी सक्रिय रूप से भाग लिया और उपस्थित जनसमूह के साथ मिलकर सफाई कार्य किया। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान को समर्पित था। उन्होंने उनके व्यक्तित्व को त्याग, तपस्या, साहस और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत बताया। जसोल ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वृक्ष जीवन, पर्यावरण और जैव विविधता का आधार हैं। अधिकाधिक वृक्षारोपण, उनका नियमित संरक्षण और जल स्रोतों का संवर्धन वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। जसोल ने स्वच्छता को स्वस्थ और समृद्ध समाज की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सार्वजनिक स्थल, जल स्रोत और वातावरण समाज के उत्तम स्वास्थ्य और समग्र विकास का आधार बनते हैं। उन्होंने जनभागीदारी से संचालित स्वच्छता अभियानों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताया और कहा कि प्रत्येक नागरिक का सहयोग भारत को स्वच्छ, सुंदर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को सशक्त करेगा। कार्यक्रम के दौरान श्री शिव तालाब परिसर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। परिसर से प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाकर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया। साथ ही विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण कर उनके नियमित संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव जागरूक रहने एवं इन अभियानों को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी बालोतरा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गणपत सिंह भाटी, आईटी जिला बालोतरा संयोजक उमेश सोनी, जिला मीडिया प्रवक्ता राजेशपुरी, गोपाल पारीक, कृष्ण बोराणा, सुमेर सिंह वरिया, घनश्याम सिंह शेखावत, पूनमाराम प्रजापत, ऊकाराम पालीवाल, द्वारकादास निम्बावत, हरिश्चंद्र सिंह तेलवाड़ा, ओमप्रकाश मेघवाल, मोहन सिंह सोलंकी, शैतान सिंह सोलंकी, नैना राम चौधरी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (राउमावि), जसोल के प्राचार्य जेतमाल सिंह राठौड़, सुआ देवी भंसाली राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जसोल की प्राचार्या अमन प्रीत कौर, कार्य अधिकारी हनुमानेशेष्ठ दौलत, व्याख्याता भंवर लाल, शारीरिक शिक्षक जितेंद्र परिहार, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के लगभग 100 स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं, अशोक कुमार हरिजन, बाबूलाल माली, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, जसोल नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी, प्रबुद्धजन तथा विभिन्न स्थानों से पधारे गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
