सोमेसर के निकट नाडोल स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल में गुरुवार को विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। अपर जिला और सेशन न्यायाधीश पुनाराम गोदारा के निर्देशन में तालुका विधिक सेवा समिति देसूरी के पीएलवी अधिकार मित्र हितेश सोनी ने छात्रों को कानून और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। कार्यक्रम प्रधानाचार्य भगवती मेघवाल की अध्यक्षता में हुआ। हितेश सोनी ने राष्ट्रीय लोक अदालत, बाल विवाह को कानूनी अपराध और इसके निषेध से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों के मूल अधिकार, विधिक सेवा प्राधिकरण के विभिन्न आयाम और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया। छात्रों को नालसा हेल्पलाइन 15100 के महत्व की जानकारी दी गई। बालिका शिक्षा और बाल विवाह मुक्त भारत पर किया जागरूक राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के तत्वावधान में हुए शिविर में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। सोनी ने छात्रों से संविधान के अनुरूप छोटे-छोटे योगदान देकर नवभारत निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने बालिका शिक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को लेकर छात्राओं को जागरूक किया। प्रधानाचार्य ने दिलाया मतदान का संकल्प कार्यक्रम में प्रधानाचार्य भगवती मेघवाल ने छात्रों को मतदान का संकल्प दिलाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के मूल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। शिविर में उप प्रधानाचार्य नरपत दास, राजेंद्र वैष्णव, महेंद्र, सुमन, मुकेश कुमार गुर्जर, धीरज मोबारसा, सुमन सहित स्कूल स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं।