सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा थाने में एक वाटरपार्क के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 16 मई को यहां टोंक के अलीगढ़ का रहने वाला एक युवक हादसे का शिकार हो गया था। उसका इलाज 15 दिन से जयपुर के SMS हॉस्पिटल में चल रहा है। युवक वेंटिलेटर पर जिंदगी के लिए जंग कर रहा है। शुक्रवार को युवक के परिजन चौथ का बरवाड़ा थाने पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। युवक के चाचा ने संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। दोस्तों के साथ नहाने गया था जानकारी के अनुसार- अलीगढ़ क्षेत्र के कोहल्या गांव का रहने वाला विजय मीना (24) पुत्र मुनीम 16 मई को अपने दोस्तों अविनाश, रामभरोस मीना निवासी बिलोता के साथ चौथ का बरवाड़ा (सवाई माधोपुर) स्थित शिव शक्ति वाटरपार्क में नहाने गए थे। आरोप है कि वाटरपार्क रूल्स और पैरामीटर पर खरा नहीं है। यहां स्लिपिंग स्लाइड नियमनुसार नहीं हैं। स्लिपिंग स्लाइड की ढलान ठीक नहीं है और सेफ्टी रेलिंग भी नहीं लगी है। वाटर पार्क का स्टाफ ट्रेंड नहीं है। न ही कोई सुरक्षा मानक हैं। हादसे के बाद भी संचालक ने घायल की सुध नहीं ली। चाचा ने दी थाने में रिपोर्ट शुक्रवार को विजय के चाचा रामकल्याण मीणा ने चौथ का बरवाड़ा थाने में संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शुक्रवार को विजय के परिजन और ग्रामीण चौथ का बरवाड़ा थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। रामकल्याण ने बताया- वाटरपार्क की खामियों के कारण विजय स्लिपिंग स्लाइड से फिसल गया था। उसकी गर्दन की हड्‌डी टूट गई और वो बेहोश हो गया था। अगर ढलान सुरक्षा मानकों के अनुसार होती तो भतीजा घायल नहीं होता। फिसलकर गिरने के बाद विजय के फेफड़ों में केमिकल युक्त पानी भर गया। उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया। इससे उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। दोस्तों ने बुलाई थी एंबुलेंस रामकल्याण ने बताया- वाटरपार्क संचालक ने संवेदना नहीं दिखाई। विजय के दोस्तों ने ही एम्बुलेंस बुलाई और अस्पताल ले गए। जहां से हालात गंभीर होने से उसे जयपुर रेफर कर दिया।