राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन ने हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल का अभिनंदन किया। यह कार्यक्रम हाईकोर्ट ऑडिटोरियम में रखा गया। इसमें वरिष्ठ न्यायाधीश विनीत कुमार माथुर खास मेहमान के तौर पर मौजूद थे। एसोसिएशन अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत ने मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल और वरिष्ठ न्यायाधीश विनीत कुमार माथुर का साफा पहनाकर स्वागत किया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं, बार कौंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्यों, सरकारी वकीलों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फूल भेंटकर अतिथियों का अभिनंदन किया। वकीलों से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान करने की अपील स्वागत भाषण में अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत ने कहा- मुख्य न्यायाधीश का राजस्थान हाईकोर्ट में आना बार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से न्यायाधीशों की स्थायी सिटिंग, शनिवार को भी काम करने और न्यायाधीशों के स्वीकृत पद बढ़ाने जैसे वकीलों से जुड़े खास मुद्दों का जल्दी समाधान करने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व में हाईकोर्ट की न्यायिक प्रतिष्ठा और मजबूत होगी। मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल ने वकीलों के प्रति प्यार जताया। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका और बार के बीच मजबूत और अच्छा तालमेल न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाता है। एसोसिएशन की ओर से मुख्य न्यायाधीश और वरिष्ठ न्यायाधीश को यादगार चिन्ह भी दिए गए। इस मौके पर महासचिव डॉ. अरुण कुमार झाझड़िया, सहसचिव डॉ. मिलाप चोपड़ा, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह भाटी, पुस्तकालय सचिव कोमल आर. वर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य, राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी, बार कौंसिल के सदस्य, वरिष्ठ अधिवक्ता, सरकारी अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी और बड़ी संख्या में वकील मौजूद थे।