पंजाब में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR-2026) को लेकर चुनाव आयोग ने लुधियाना जिले में निगरानी बढ़ा दी है। जिले में नियुक्त इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर्स ने बचत भवन में बैठक कर वोटर सूची संशोधन कार्य की समीक्षा की। बैठक में डिप्टी कमिश्नर एवं जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन, सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाताओं से जुड़े मुद्दे और सुझाव ऑब्जर्वर्स के समक्ष रखे। अधिकारियों ने बताया कि SIR-2026 के तहत मतदाताओं को वोटर सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने, हटाने या अन्य बदलाव के लिए दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। इसके लिए 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक फॉर्म नंबर 6, 6-ए, 7 और 8 के माध्यम से आवेदन किए जा सकते हैं। DC बोले- SIR पारदर्शी और सुचारू ढंग से किया जा रहा मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित ERO और BLO के पास ऑफलाइन फॉर्म भी जमा कराए जा सकते हैं। चुनाव आयोग ने जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों की निगरानी के लिए दो इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर्स नियुक्त किए हैं। बैठक में पोलिंग स्टेशनों के रेशनलाइजेशन और मतदाता सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ऑब्जर्वर्स ने ERO को निर्देश दिए कि वे विधानसभा स्तर पर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के साथ बैठकें कर शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि जिले में SIR-2026 का कार्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी और सुचारू ढंग से किया जा रहा है।