लुधियाना के पास स्थित बहादुरके गांव में पार्क के पास ट्रांसफॉर्मर लगाने को लेकर दो पक्षों में खूनी विवाद होने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह हुई इस झड़प में गांव के पंचायत सदस्य पिंकी राम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर और बाजू पर चोटें आई हैं। घायल पंचायत सदस्य ने दूसरे पक्ष पर मारपीट के साथ-साथ जातिसूचक शब्द बोलने के भी संगीन आरोप लगाए हैं। सुरक्षा को लेकर शुरू हुआ था विवाद पीड़ित पंचायत सदस्य पिंकी राम के अनुसार, बिजली विभाग द्वारा गांव के पार्क के बिल्कुल पास नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जा रहा था। चूंकि पार्क में छोटे बच्चे खेलते हैं, इसलिए बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ट्रांसफॉर्मर को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर लगाने का सुझाव दिया। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनकी बहस हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई और हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। पुरानी रंजिश और राजनीतिक गुटबाजी से जुड़ा मामला बताया जा रहा है कि यह विवाद राजनीतिक गुटबाजी और पुरानी रंजिश का नतीजा है। घायल पिंकी राम कांग्रेस पार्टी से संबंधित हैं, जबकि आरोपी पक्ष सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पिंकी राम ने बताया कि करीब एक साल पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और उसी पुरानी रंजिश के चलते आज उन पर हमला किया गया। पुलिस कर रही मामले की जांच घटना की सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले के सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।