लुधियाना थाना मेहरबान के अंतर्गत आती गली नंबर 2 मस्जिद के पास में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां रहने वाला 40 वर्षीय शमशुद्दीन घर में खराब लाइट को ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि समय रहते मोहल्ले वालों की नजर पड़ गई और मेन स्विच बंद कर उसे मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। फिलहाल पीड़ित का सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। अकेला था घर पर, बल्ब की तार पर टेप लगाते वक्त हुआ हादसा मिली जानकारी के मुताबिक शमशुद्दीन पेशे से हेयर ड्रेसर है। हादसे के वक्त वह घर पर अकेला था। घर की लाइट नहीं चल रही थी, जिसे चेक करने पर उसने देखा कि बल्ब की एक तार कटी हुई है। जैसे ही वह उस तार पर टेप लगाने लगा उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह करंट की चपेट में आ गया।और आग लग गई जिससे उसकी शर्ट जल गई और बाल के साथ साथ पीठ भी जल गई । 7 मिनट तक मौत से जंग, पड़ोसियों ने दिखाया साहस प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शमशुद्दीन करीब 5 से 7 मिनट तक करंट से तड़पता रहा। शोर सुनकर इलाके के निवासी मौके पर पहुंचे और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घर का मेन स्विच नीचे गिराया। बिजली कटते ही शमशुद्दीन नीचे गिर गया। इसके बाद तुरंत परिजनों को सूचित किया गया और उसे गंभीर हालत में लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। 10 साल पहले हुई थी शादी, परिवार का इकलौता सहारा शमशुद्दीन शादीशुदा है और उसकी शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं। उसके तीन बेटे हैं। घर में वह इकलौता कमाने वाला सदस्य है। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने हालत देखकर नाजुक स्थिति बताई है साथ ही करंट के झटके से शरीर को काफी नुकसान पहुँचा है।
