सुजानगढ़; प्रगति नगर की गलियों में सड़कें नहीं, आवागमन में परेशानी रतनगढ़ | वार्ड 17 इलाके में लिंक रोड के पास निजी अस्पताल की तरफ से जाने वाले रास्ते पर पिछले 20 दिन से नाले का फेरो कवर टूटा हुआ है। इसके कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों को रास्ता बदल कर जाना पड़ रहा है। रात के समय में कई दुपहिया वाहन चालक इसके कारण चोटिल भी हो चुके हैं। प्रशासन इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। जिम्मेदारों को अवगत करवाने के बावजूद ये स्थिति है। -पवन कुमार, स्थानीय निवासी, लिंक रोड, वार्ड 17 सुजानगढ़ | वार्ड 55 के प्रगति नगर में गलियों में सड़क नहीं बनी हुई हैं। नगर परिषद क्षेत्र में होने के बावजूद यहां कच्चे रास्ते हैं। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गलियों में पानी निकासी के लिए नालियां भी नहीं हैं। घरों का पानी रास्ते पर आ जाता है। बारिश में पूरे रास्ते पर पानी भर जाता है। समाधान के लिए 181 पर दो बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। -संदीप पारीक, पावर हाउस के पीछे, प्रगति नगर, वार्ड 55 चूरू | सैनिक बस्ती इलाके में ड्रेनेज लाइन डालने के लिए सड़क तोड़ी गई थी। लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत अभी तक नहीं हुई है। इस कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। सीवरेज के चैंबर भी सड़क के लेवल के बराबर भी नहीं है। प्रशासन इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। -समुद्र सिंह राठौड़, पंप हाउस के पास, सेक्टर 2, सैनिक बस्ती चूरू | रामसरा गांव में पिछले 15 दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इस कारण ग्रामीण परेशान हैं। स्थित ये कि ग्रामीण पानी के लिए टैंकरों के भरोसे हैं। टैंकर से पानी सप्लाई करने वाले 800 रुपए तक ले रहे हैं। इस समस्या के संबंध में दो बार शिकायत भी दर्ज करवाई गई है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। -दीपाराम, किसान सभा सदस्य, ग्रामीण, रामसरा
