पनियाला थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली के तार चोरी की घटनाओं के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम बनेठी रामगढ़ क्षेत्र में स्थित सोलर पावर प्लांट से जुड़ी हाइटेंशन बिजली लाइन काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जानकारी के अनुसार, 11 विद्युत पोलों से गुजर रही हाइटेंशन लाइन को काटा गया, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। रात में पोलों पर चढ़कर काटे कॉपर तार पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात के समय विद्युत पोलों पर चढ़कर सुनियोजित तरीके से कॉपर युक्त बिजली तारों को काटते थे और उन्हें चोरी कर ले जाते थे। मामले में सोलर पावर प्लांट प्रबंधन की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी से मिली सफलता जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्ध मोबाइल लोकेशन, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इन जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है। उनसे अन्य संबंधित मामलों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। कई महीनों से हो रही थीं चोरी की घटनाएं ग्रामीणों ने बताया कि बनेठी रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से निजी बोरवेलों की कॉपर लाइन और बिजली केबल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थीं। चोर रात के समय खेतों में लगे बोरवेलों की केबल काटकर ले जाते थे, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। पूर्व में हुई इन चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हो पाया था। बड़े गिरोह से जुड़े होने की आशंका आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने पनियाला थाने में बीते महीनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं की जानकारी भी पुलिस को दी। पनियाला थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े संगठित गिरोह से है या नहीं। इसके अलावा चोरी किए गए कॉपर तारों और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
