राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा है कि पंजाब की फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी गंगानगर और हनुमानगढ़ तक पहुंच रहा है। जो कैंसर की बड़ी वजह बन सकता है। राज्यपाल भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के 23वें कैंसर सर्वाइवर्स डे पर महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में बोल रहे थे। इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा- कैंसर से बचाव की दिशा में अर्ली डिटेक्शन सबसे अहम कड़ी है। अगर समय रहते बीमारी की पहचान हो जाए तो इलाज अधिक प्रभावी हो सकता है। केंद्र सरकार कैंसर के इलाज को लेकर गंभीर है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस दिशा में अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। एंटी कैंसर दवाओं को भी आयुष्मान आरोग्य योजना से जोड़ा जा रहा उन्होंने बताया- केंद्र सरकार ने डे केयर सेंटरों की संख्या बढ़ाई है। 450 से अधिक सेंटर पहले से ही ऑपरेशनल स्टेज में हैं। एंटी कैंसर दवाओं को भी आयुष्मान आरोग्य योजना में जोड़ा जा रहा है। इससे आमजन को राहत मिलेगी। सर्वाइकल कैंसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा- फरवरी से केंद्र सरकार ने सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया है। जो भविष्य में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम साबित होगा। मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की तारीफ की उपराष्ट्रपति ने राजस्थान में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे कार्यों के लिए चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की तारीफ करते हुए कहा- राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी काम कर रही है। राज्यपाल बोले- कैंसर मुक्त राजस्थान का लक्ष्य तय हो राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा- कुछ समय पहले तक कैंसर को बेहद खतरनाक माना जाता था। लेकिन अब नई तकनीकों और आधुनिक इलाज के कारण कैंसर पर जीत हासिल की जा रही है। जैसे टीबी मुक्त राजस्थान की बात हो रही है, वैसे ही कैंसर मुक्त राजस्थान का लक्ष्य भी तय किया जाना चाहिए। पानी के लिए पंजाब के राज्यपाल को पत्र लिखा राज्यपाल ने कहा- कैंसर से बचाव के लिए शुद्ध पानी जरूरी है। पंजाब की फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी संभवतः गंगानगर और हनुमानगढ़ तक पहुंच रहा है। जो कैंसर का कारण बन सकता है। इस संबंध में मैंने पंजाब के राज्यपाल को पत्र भी लिखा है। मुझे लगता है, आने वाले वक्त में इसका समाधान होगा। राज्यपाल ने कहा कि तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट से कैंसर होता है। लेकिन काफी बार ऐसा देखा गया है कि बीडी, सिगरेट और तंबाकू खाने वाले लोगों को कुछ नहीं होता है। तब लोग कहते हैं कि तुम ऐसा कैसे कह सकते हो। हम तो इतने सालों से यह खा रहे हैं, हमारे कुछ नहीं हो रहा है। राजस्थान में 35 हजार करोड़ का मेडिकल बजट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि प्रदेश में 35 हजार करोड़ रुपए का मेडिकल बजट रखा गया है। भजनलाल सरकार ने मेडिकल क्षेत्र में 60 हजार नियुक्तियों की घोषणा की है, जिनमें से 25 हजार गैजेटेड और नॉन-गैजेटेड मेडिकल स्टाफ की नियुक्तियां की जा चुकी हैं। पिछली कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में केवल 13 हजार नियुक्तियां की थीं। केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विभिन्न बीमारियों में 68 लाख से अधिक मरीजों को 13 हजार करोड़ रुपए का लाभ दिया गया है। नेशनल हेल्थ मिशन के तहत वार्षिक सर्वे के माध्यम से कैंसर स्क्रीनिंग भी की जा रही है। सर्वाइकल कैंसर, जो देश में दूसरा सबसे अधिक फैलने वाला कैंसर है, उसकी रोकथाम और जागरूकता के लिए केंद्र सरकार विशेष प्रयास कर रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान से सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी।
