सिटी रिपोर्टर } उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित स्टेडियम में शनिवार को राजस्थान की जीत के स्लोगन गूंजे। मौका था भारत स्काउट गाइड की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के पुरस्कार वितरण समारोह का। राजस्थान के स्काउट और गाइड्स ने विभिन्न प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जम्बूरी की सर्वोच्च शील्ड और पताका अपने नाम की। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार जैन ने राजस्थान दल के पदाधिकारियों को शील्ड और पताकाएं देकर सम्मानित किया। राज्य सचिव डॉ. पी.सी. जैन, पूरण सिंह शेखावत, बन्ना लाल, सुयश लोढ़ा, नीता शर्मा ने अवॉर्ड प्राप्त किए। 20 गतिविधियों में प्रदेश प्रथम स्थान पर : जम्बूरी में भारत स्काउट गाइड राजस्थान राज्य के मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य के निर्देशन में प्रदेश से 1703 स्काउट गाइड ने हिस्सा लिया। इस दौरान राजस्थान ने नेशनल कमिश्नर स्काउट शील्ड, नेशनल कमिश्नर गाइड शील्ड और चीफ नेशनल कमिश्नर अवॉर्ड व फ्लैग हासिल किया। साथ ही 20 गतिविधियों में प्रदेश पहले स्थान पर रहा। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को जंबूरी और साहसिक गतिविधियों के प्रमाण-पत्र व अवॉर्ड भी प्रदान किए गए। देश के स्काउट-गाइड का यह दल रविवार को सुबह ट्रेन से जयपुर पहुंचेगा।