नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर उदयपुर से है। यहां माता-पिता के साथ घूमने आई 2 साल की बच्ची होटल की खिड़की से पिछोला झील में गिर गई। डूबने से उसकी मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्रों का जश्न
नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जयपुर में छात्रों ने जश्न मनाया। शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में छात्रों ने नाच-गाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कोटा में NSUI के कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और नारेबाजी की। पूरी खबर पढ़ें 2. होटल की खिड़की से झील में गिरी बच्ची, मौत
उदयपुर के जगत निवास होटल की खिड़की से 2 साल की बच्ची पिछोला झील में गिर गई। झील में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची के शव को बाहर निकाला गया। नई दिल्ली के फतहपुर बेरी असोला निवासी दंपती बेटी के साथ उदयपुर घूमने आए थे। पूरी खबर पढ़ें 3. बारिश से मकान की दीवार गिरी, गाड़ियां दबी
राजस्थान में झमाझम बारिश का दौर जारी है। शनिवार सुबह अजमेर में बारिश के कारण एक घर की दीवार गिर गई, जिसके नीचे कई गाड़ियां दब गईं। बाड़मेर जिले के सेड़वा और चौहटन तहसील के कई गांवों में जलभराव हो गया। जोधपुर और उदयपुर में भी बरसात हुई। पूरी खबर पढ़ें 4. हाईटेंशन लाइन का तार चुराते लगा करंट, 2 की मौत
बालोतरा में हाईटेंशन बिजली लाइन का तार चोरी कर बंडल बनाते समय करंट लगने से 2 चोरों की मौत हो गई। झुलसने से एक चोर का हाथ इतना ज्यादा जल गया था कि वह अलग हो गया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने चोरों के शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पूरी खबर पढ़ें 5. वकील के परिवार पर पथराव, लाठियों से हमला
झुंझुनूं के नवलगढ़ में वकील के घर के दरवाजे के बाहर दीवार बनाने को लेकर विवाद हो गया। दूसरे पक्ष ने 20-25 लोगों ने वकील और उसके परिजनों पर पथराव कर दिया और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वकील घायल हो गए, जिनको सीकर रेफर किया गया है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. सांड ने रिटायर्ड टीचर को उठाकर पटका
करौली में सांड ने रिटायर्ड टीचर को उठाकर पटक दिया। सांड के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। रिटायर्ड टीचर ने घर के बाहर खड़ी कारों के पास से सांड को घूमते देखा तो डंडा लेकर उसे भगा रहे थे, तभी सांड ने हमला कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. खड़े कंटेनर में घुसी बाइक, देवर-भाभी की मौत
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नेशनल हाईवे-48 पर प्रागपुरा फ्लाईओवर से पहले तेज रफ्तार बाइक खड़े कंटेनर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार देवर-भाभी की मौत हो गई। दोनों पावटा अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 8. बेकाबू ट्रैक्टर दुकान में घुसा, 2 बच्चियां घायल
झालावाड़ शहर में बिजली के पोल लेकर जा रहा ट्रैक्टर ढलान पर बेकाबू होकर एक किराने की दुकान में घुस गया। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ी दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से 1 का SRG अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. थार में ₹3500 का डीजल भरवाकर बदमाश फरार
दौसा में थार सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर 3500 रुपए का डीजल भरवाया और पैसे दिए बिना फरार हो गए। बदमाशों को रोकने के लिए सेल्समैन ने गाड़ी का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. कर्मचारी महासंघ जयपुर में करेगा प्रदर्शन
शिक्षा विभाग में कथित अनियमितताओं, तबादला नीति में भेदभाव को लेकर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ 26 जुलाई को जयपुर में प्रदर्शन करेगा।
